बेतिया से मधुकर मिश्रा की रिपोर्ट
Bettiah News: नरकटियागंज में प्रस्तावित इंटीग्रेटेड कोर्ट कॉम्प्लेक्स के निर्माण को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं. लंबे समय से नए न्यायालय भवन का इंतजार कर रहे वादकारियों और अधिवक्ताओं के लिए यह राहत भरी खबर है. गुरुवार को जिला एवं सत्र न्यायाधीश सी. अनामिका ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों व निर्माण एजेंसी को आवश्यक निर्देश दिए.
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा कोर्ट कॉम्प्लेक्स
निरीक्षण के दौरान जिला जज ने निर्माण एजेंसी से कार्य की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि इंटीग्रेटेड कोर्ट कॉम्प्लेक्स को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा, ताकि न्यायिक कार्यों का संचालन अधिक व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से हो सके. परिसर में विभिन्न अदालतों के साथ अधिवक्ताओं के लिए चैंबर, रिकॉर्ड रूम, प्रतीक्षालय, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष, पार्किंग और सुरक्षा संबंधी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी.
दिव्यांगों और महिलाओं की सुविधाओं पर विशेष जोर
जिला जज ने निर्माण एजेंसी को निर्देश दिया कि परिसर में दिव्यांगजनों, बुजुर्गों, महिलाओं, पुरुषों और थर्ड जेंडर के लिए अलग-अलग आधुनिक शौचालय बनाए जाएं. साथ ही हर हाल में स्वच्छ पेयजल, आउटलेट और लाइब्रेरी जैसी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा. उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने का भी निर्देश दिया.
जेल और आवासीय परिसर के लिए भी किया निरीक्षण
कोर्ट परिसर के निरीक्षण के बाद जिला जज ने रोवारी मौजा में प्रस्तावित जेल निर्माण स्थल का भी जायजा लिया. यहां करीब 12 एकड़ भूमि चिन्हित की गई है. इसके अलावा जयमंगलापुर मौजा में अधिकारियों के आवास निर्माण के लिए प्रस्तावित भूमि की जानकारी भी ली गई.
