बेतिया से सतीश कुमार पांडेय की रिपोर्ट
Bettiah News: शिकारपुर थाना क्षेत्र के केसरिया वार्ड संख्या-3 में एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में साड़ी के फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई.घटना बुधवार सुबह की है.मृतका की पहचान सिकंदर मांझी की पत्नी गुलाइची देवी के रूप में हुई है.वह पिछले कुछ समय से अपने मायके में रह रही थीं.
रात में खाना खाने के बाद कमरे में सोने चली गई थी मृतका
परिजनों के अनुसार, गुलाइची देवी ने मंगलवार रात को खाना खाने के बाद अपने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया था.बुधवार सुबह जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका हुई.इसके बाद जब घर के पीछे बांस के रास्ते से खिड़की या झरोखे से अंदर देखा गया, तो वह साड़ी के फंदे से लटकी हुई थीं.यह देखते ही परिवार में कोहराम मच गया.
मौके पर पहुंची पुलिस, पोस्टमार्टम के लिए बेतिया भेजा शव
घटना की सूचना मिलते ही शिकारपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर अपने कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की.इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल, बेतिया भेज दिया गया है.थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा.
पारिवारिक कलह की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस आत्मघाती कदम के पीछे पारिवारिक कलह की आशंका जताई जा रही है.बताया जा रहा है कि मृतका का पति सिकंदर मांझी पंजाब में रहकर मजदूरी का काम करता है.फिलहाल आत्महत्या के सटीक कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है.शिकारपुर थाना पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है.
