बेतिया से रवि रंक की रिपोर्ट
Bettiah News: कर्मचारियों की कमी और तकनीकी खराबी के कारण बेतिया मुख्य शहरी क्षेत्र के लाल बाजार उप डाकघर में पिछले दो दिनों से ताला लटका हुआ है.रोजाना 15 से 20 लाख रुपये तक की जमा-निकासी वाले इस महत्वपूर्ण डाकघर के अचानक बंद होने से ग्राहकों, आम उपभोक्ताओं और राष्ट्रीय बचत अभिकर्ताओं (एजेंटों) को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
डाकपाल के निलंबन के बाद केयरटेकर के भरोसे था संचालन
राष्ट्रीय बचत अभिकर्ता संघ के जिला सचिव कुमार नृपेंद्र ने बताया कि इस उप डाकघर के संचालन में समस्या की शुरुआत 13 अप्रैल 2026 को ही हो गई थी.उस समय बड़े पैमाने पर वित्तीय मनमानी के आरोप में तत्कालीन डाक अधीक्षक मनोज कुमार सिंह ने वहां के तत्कालीन डाकपाल को निलंबित कर दिया था.तब से लेकर 30 मई तक इस डाकघर का संचालन केयरटेकर व्यवस्था के तहत डाकपाल रवि शंकर पांडेय द्वारा किया जा रहा था.
डाकपाल के छुट्टी पर जाते ही व्यवस्था हुई ठप
केयरटेकर डाकपाल रवि शंकर पांडेय के 1 जून 2026 से चिकित्सा अवकाश (मेडिकल लीव) पर चले जाने के कारण डाकघर का कामकाज पूरी तरह ठप हो गया.उनके छुट्टी पर जाने के बाद वहां किसी अन्य स्थाई कर्मचारी की तैनाती नहीं होने से दो दिनों तक ताला बंद रहा, जिससे वित्तीय लेनदेन पूरी तरह प्रभावित हो गया है.
तकनीकी समस्या दूर होते ही बुधवार से खुलेगा डाकघर
इस संबंध में मुख्य डाकघर के डाकपाल राम किशोर प्रसाद ने बताया कि लाल बाजार उप डाकघर के लिए नए उप डाकपाल को प्रतिनियुक्त किया गया है.लेकिन उनका यूजर आईडी जेनरेट होने में कुछ तकनीकी समस्या आ रही थी, जिसके कारण 1 और 2 जून को कामकाज नहीं हो सका.उन्होंने आश्वासन दिया कि इस तकनीकी खराबी को दूर कर लिया गया है और 3 जून बुधवार से उप डाकघर का नियमित संचालन दोबारा शुरू हो जाएगा.
