Bettiah: ब्लॉक के चक्कर से मिलेगी निजात, गांव में ही होगा हर समस्याओं का समाधान

Bettiah News: अब पंचायतों में 'सहयोग शिविर' लगेंगे. 19 मई से शुरू होने वाली इस पहल के तहत हर महीने के पहले और तीसरे मंगलवार को अधिकारी गांव पहुंचकर शिकायतों का ऑन-स्पॉट निपटारा करेंगे. जानिए खबर विस्तार से...

Bettiah News: अब लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अब जिला या प्रखंड मुख्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे. राज्य सरकार की पहल पर अब पंचायत स्तर पर ही जन शिकायतों का निवारण सुनिश्चित किया जाएगा. इसके तहत प्रत्येक माह के प्रथम और तृतीय मंगलवार को ‘सहयोग शिविर’ आयोजित किए जाएंगे. पश्चिम चंपारण के जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने बताया कि जिले में यह व्यवस्था 19 मई 2026 से प्रभावी ढंग से लागू हो जाएगी.

तय समय में होगा समाधान

इन शिविरों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि समस्याओं के त्वरित निष्पादन के लिए 30 दिन पहले से ही आवेदन लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी. इससे अधिकारियों को मामलों के पूर्व मूल्यांकन और तैयारी का समय मिलेगा. शिविर पंचायत सरकार भवन या सार्वजनिक स्थानों पर आयोजित होंगे, जहाँ बैठने, पेयजल और छाया जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी. प्रत्येक आवेदन का विधिवत पंजीकरण होगा और आवेदकों को समाधान की समय-सीमा की लिखित जानकारी दी जाएगी.

डिजिटल पोर्टल और सीएम सचिवालय से होगी मॉनिटरिंग

पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए ‘शिविर संवाद समाधान पोर्टल’ का उपयोग किया जाएगा. इस पूरी प्रक्रिया की रियल टाइम मॉनिटरिंग सीधे मुख्यमंत्री सचिवालय से जुड़ी होगी. इससे शिकायतों के निवारण में होने वाली देरी के कारणों का पता चल सकेगा. जिलाधिकारी स्वयं इन शिविरों का औचक निरीक्षण करेंगे.

जनकल्याणकारी योजनाओं की भी मिलेगी जानकारी

सहयोग शिविरों का उद्देश्य न केवल शिकायतों का समाधान करना है, बल्कि ग्रामीणों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना भी है. लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का प्रावधान किया गया है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे.

बेतिया से अवध किशोर तिवारी की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >