बेतिया से अजय चौबे की रिपोर्ट
Bettiah Health Services: बिहार विधानसभा की विभागीय समिति की बैठक में चनपटिया विधायक अभिषेक रंजन ने गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल (GMCH), बेतिया से जुड़े हालिया घटनाक्रमों और चनपटिया विधानसभा क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित गंभीर मुद्दों को प्रमुखता से उठाया. उन्होंने प्रसूता की मौत के बाद उत्पन्न विवाद, मरीजों के परिजनों एवं पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार तथा अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच की मांग की.
GMCH की घटनाओं की उच्चस्तरीय जांच की मांग
विधायक ने कहा कि GMCH बेतिया उत्तर बिहार के लाखों लोगों के उपचार का प्रमुख सरकारी स्वास्थ्य संस्थान है. ऐसे में लगातार सामने आ रही शिकायतें और विवाद चिंता का विषय हैं. उन्होंने प्रसूता की मृत्यु से जुड़े पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध विभागीय और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की.
स्वास्थ्य केंद्रों की बदहाली का मुद्दा उठाया
अभिषेक रंजन ने चनपटिया विधानसभा क्षेत्र के अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और स्वास्थ्य उपकेंद्रों की स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की. उन्होंने बताया कि कई स्वास्थ्य संस्थान आज भी किराए के भवनों या अस्थायी परिसरों में संचालित हो रहे हैं. चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की अनियमित उपस्थिति तथा संसाधनों की कमी के कारण आम लोगों को पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं.
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की समस्याओं पर ध्यान आकर्षित
विधायक ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चनपटिया में जर्जर भवन, बारिश में छत से पानी टपकने, खराब विद्युत व्यवस्था, टूटी बाउंड्री वॉल, खुली नालियों, अल्ट्रासाउंड मशीन की अनुपलब्धता, महिला चिकित्सक की कमी और रेबीज वैक्सीन समेत आवश्यक दवाओं की अनुपलब्धता जैसे मुद्दों को भी उठाया. उन्होंने इन समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की.
सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की मांग
उन्होंने स्वास्थ्य संस्थानों में तैनात सुरक्षा एजेंसियों और सुरक्षा कर्मियों की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा कराने की मांग की. उनका कहना था कि मरीजों, परिजनों और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जवाबदेह और प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था आवश्यक है.
अधिकारियों ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
बैठक में मौजूद विभागीय अधिकारियों ने उठाए गए सभी मुद्दों की समीक्षा कर आवश्यक जांच एवं कार्रवाई का आश्वासन दिया. विधायक अभिषेक रंजन ने कहा कि जनता के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मुद्दों को वे लगातार सदन और विभागीय स्तर पर उठाते रहेंगे तथा बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित कराना उनकी प्राथमिकता है.
