Bettiah News: बेतिया में आगामी 9 अगस्त (रविवार) को अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच और मारवाड़ी युवा मंच गरिमा शाखा के संयुक्त तत्वावधान में भव्य बाल कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी. इस यात्रा का उद्देश्य बच्चों को भगवान शिव की भक्ति, भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं से जोड़ना है. आयोजन को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है और तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं. आयोजकों का दावा है कि बड़ी संख्या में बच्चे और अभिभावक इस धार्मिक आयोजन में शामिल होंगे.
सुबह 7 बजे जोड़ा शिवालय मंदिर से होगी शुरुआत
आयोजकों के अनुसार, बाल कांवड़ यात्रा की शुरुआत सुबह 7 बजे जोड़ा शिवालय मंदिर से होगी. यात्रा लाल बाजार चौक, तीन लालटेन चौक और पावर हाउस होते हुए सागर पोखरा स्थित शिव मंदिर पहुंचेगी. यहां भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी. पूरे मार्ग में श्रद्धालु 'हर-हर महादेव' के जयघोष के साथ यात्रा में शामिल होंगे.
बच्चों को मिलेगी कांवड़, टी-शर्ट और रिफ्रेशमेंट
यात्रा में भाग लेने वाले प्रत्येक बच्चे को आकर्षक कांवड़, विशेष टी-शर्ट और रिफ्रेशमेंट उपलब्ध कराया जाएगा. आयोजन शुल्क 301 रुपये निर्धारित किया गया है. मंच के पदाधिकारियों का कहना है कि इस पहल के जरिए बच्चों में धार्मिक आस्था के साथ अनुशासन, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है.
भारतीय संस्कृति से जोड़ने की पहल
मारवाड़ी युवा मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि बाल कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों से परिचित कराने का माध्यम भी है. उनका मानना है कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में संस्कार, सामाजिक एकता और सेवा भाव का विकास होता है.
अभिभावकों से बच्चों को शामिल कराने की अपील
आयोजकों ने शहर के अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को इस यात्रा में शामिल कर भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से परिचित कराएं. यात्रा में शामिल होने के इच्छुक अभिभावक अधिक जानकारी और पंजीकरण के लिए आयोजकों से संपर्क कर सकते हैं.
यह भी पढे़ं: बेतिया नगर निगम कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू, पहले दिन सफाई व्यवस्था पर पड़ा असर
