नरकटियागंज से सतीश कुमार पांडेय की रिपोर्ट
Bettiah Crime News: पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज में एक युवक द्वारा अपनी ही मां पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है. शिकारपुर थाना क्षेत्र के हरदिया वार्ड संख्या-20 में हुई इस घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है. पीड़िता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
कीमती सामान और गहने बेचने का आरोप
पीड़िता प्रेमशीला देवी ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि उनका पुत्र बिट्टू श्रीवास्तव घर में रखे कीमती सामान और गहनों की चोरी कर उन्हें बेच चुका था. जब उससे इस संबंध में पूछताछ की गई तो वह उग्र हो गया और घर में रखे कपड़ों समेत अन्य सामान में आग लगा दी.
मां पर चाकू से हमला करने का प्रयास
प्रेमशीला देवी ने बताया कि जब वह आग बुझाने पहुंचीं तो आरोपी चाकू लेकर उन पर हमला करने दौड़ा और जान से मारने का प्रयास किया. उनके शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद उनकी जान बच सकी.
डायल-112 की सूचना पर पहुंची पुलिस
घटना के बाद पीड़िता ने डायल-112 पर सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया. पीड़िता ने बताया कि उनका पुत्र लंबे समय से घर में उत्पात मचा रहा था, जिससे पूरा परिवार परेशान था.
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
शिकारपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी बिट्टू श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर लिया गया है. मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: एसपी का थानों में औचक निरीक्षण, लंबित केस दबाकर बैठने वाले अफसरों को दी चेतावनी
