Bettiah News: बेतिया नगर के बंगाली कॉलोनी स्थित बेलबाग चौक पर शनिवार रात डस्टबिन में हुए तेज धमाके का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. जांच में सामने आया कि दो नाबालिगों ने तेज आवाज वाला पटाखा फोड़ा था, जिसके डस्टबिन के पास गिरने से जोरदार धमाका हुआ. सीसीटीवी फुटेज और सूचना संग्रह के आधार पर पुलिस दोनों तक पहुंची और पूछताछ के बाद चेतावनी देकर परिजनों के हवाले कर दिया.
बेलबाग चौक पर डस्टबिन में कैसे हुआ था धमाका
शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे मोमोज के ठेले के समीप सड़क किनारे रखे डस्टबिन में अचानक जोरदार धमाका हुआ था. आवाज इतनी तेज थी कि आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई. कुछ देर तक मौके पर धुआं फैला रहा और डस्टबिन के टूटे टुकड़े आसपास बिखर गए.
सीसीटीवी फुटेज से पुलिस पहुंची नाबालिगों तक
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुफस्सिल थानाध्यक्ष सम्राट सिंह, अपर थानाध्यक्ष कंचन भास्कर और नगर थानाध्यक्ष धीरज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और सूचना संग्रह के आधार पर दोनों नाबालिगों की पहचान की.
पूछताछ में पटाखा फोड़ने की बात स्वीकार
पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों नाबालिगों ने पटाखा फोड़ने की बात स्वीकार की. उन्होंने बताया कि वे एक मंदिर के पास पटाखे फोड़ रहे थे. इसी दौरान एक पटाखा बच गया था. घर लौटते समय उन्होंने उसे रास्ते में फोड़ दिया, जो डस्टबिन के समीप गिरने के कारण तेज आवाज के साथ फट गया.
फॉरेंसिक टीम ने भी की पटाखे के विस्फोट की पुष्टि
मुफस्सिल थानाध्यक्ष सम्राट सिंह ने बताया कि घटना की जांच के दौरान एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया था. मौके से मिले साक्ष्यों की जांच के आधार पर फॉरेंसिक टीम ने पटाखे के विस्फोट की पुष्टि की.
चेतावनी देकर परिजनों के हवाले किए गए
पूछताछ और जांच के बाद पुलिस ने दोनों नाबालिगों को कड़ी चेतावनी दी और उनके परिजनों के हवाले कर दिया. थानाध्यक्ष ने बताया कि फिलहाल दोनों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है.
यह भी पढ़ें: हाफ डे को लेकर जिलों में अलग-अलग आदेश पर रोक, शिक्षा विभाग ने दिया सख्त निर्देश
