West Champaran News: वाल्मीकिनगर. वाल्मीकि आश्रम के दर्शन कर लौट रहे नेपाल के एक श्रद्धालु पर कालापानी क्षेत्र में भालू ने अचानक हमला कर दिया. भालू के साथ उसके दो शावक भी थे. हमले में श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद उसके साथ चल रहे लोगों में अफरातफरी मच गयी. मौके पर पहुंचे एसएसबी जवानों ने घायल को उपचार के लिए अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, वाल्मीकिनगर पहुंचाया.
नेपाल से चार लोग वाल्मीकि आश्रम पहुंचे थे
जानकारी के अनुसार, नेपाल के त्रिवेणी गांवपालिका अंतर्गत शिवपुरगढ़ी निवासी चार लोग त्रिवेणी के झूला पुल के रास्ते वाल्मीकि आश्रम पहुंचे थे. सभी ने आश्रम में दर्शन-पूजन किया और इसके बाद जंगल के रास्ते जटाशंकर मंदिर की ओर लौट रहे थे.
इसी दौरान कालापानी क्षेत्र में यह घटना हुई.
पीछे चल रहे श्रद्धालु पर अचानक भालू ने किया हमला
बताया गया कि समूह में सबसे पीछे चल रहे 46 वर्षीय चित्र बहादुर मगर, पिता मान बहादुर मगर, झाड़ियों के पास कोचिला का साग इकट्ठा करने लगे.
इसी दौरान अचानक उनका सामना भालू से हो गया. भालू के साथ दो शावक भी थे. देखते ही भालू ने चित्र बहादुर मगर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गये.
हमला होते ही साथ चल रहे लोगों में मची अफरातफरी
भालू के अचानक हमले से श्रद्धालुओं के समूह में अफरातफरी की स्थिति बन गयी. साथ चल रहे लोगों ने खुद को सुरक्षित रखने के साथ घायल चित्र बहादुर मगर को बचाने का प्रयास किया.
जंगल के इलाके में अचानक हुई घटना के बाद लोगों में भय का माहौल बन गया.
SSB जवानों ने घायल को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया
घटना की जानकारी मिलने के बाद एसएसबी जवानों ने घायल श्रद्धालु की मदद की. जवानों ने उन्हें उपचार के लिए अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, वाल्मीकिनगर पहुंचाया.
घायल के उपचार के साथ घटना की जानकारी संबंधित स्तर पर दी गयी. जंगल क्षेत्र में वन्यजीवों की मौजूदगी को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत बतायी जा रही है.
जंगल के रास्ते में बढ़ी सावधानी की जरूरत
वाल्मीकिनगर क्षेत्र में जंगल और धार्मिक स्थलों के बीच आवाजाही के दौरान वन्यजीवों से सामना होने की आशंका बनी रहती है. ऐसे में जंगल के रास्ते अकेले जाने और झाड़ियों के करीब जाने से लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है.
इस घटना ने एक बार फिर जंगल क्षेत्र में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता की जरूरत को सामने ला दिया है.
यह भी पढ़ें: बेतिया के सिकटा में सवारी लेकर आ रहा था तांगा चालक, रास्ते में बिगड़ी तबीयत, घोड़ा गाड़ी पर ही थमी सांस
