Bettiah News: खरीफ फसल की तैयारी के बीच पश्चिम चंपारण के बगहा-दो प्रखंड स्थित बिस्कोमान केंद्र पर सोमवार को यूरिया खाद लेने के लिए किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. सुबह होते ही केंद्र के बाहर महिला और पुरुष किसानों की लंबी कतार लग गई. स्थिति ऐसी हो गई कि अपनी जगह सुरक्षित रखने के लिए किसान लाइन में ईंट, पत्थर और हेलमेट रखकर नंबर लगाते नजर आए.
खाद के लिए घंटों इंतजार
किसानों ने बताया कि खेती के इस महत्वपूर्ण समय में यूरिया की बेहद जरूरत है, लेकिन खाद केंद्रों पर भारी भीड़ के कारण घंटों इंतजार करना पड़ रहा है. कई किसान सुबह से ही केंद्र के बाहर लाइन में खड़े रहे.
भीड़ बढ़ने के बाद केंद्र परिसर में अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई, जिसके बाद प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा.
प्रशासन ने लागू किया टोकन सिस्टम
यूरिया वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने और भीड़ नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने टोकन व्यवस्था लागू की है. बगहा-दो बिस्कोमान केंद्र को करीब एक हजार बैग यूरिया उपलब्ध कराया गया है.
दंडाधिकारी और पुलिस बल की मौजूदगी में अब तक करीब 700 किसानों के बीच टोकन बांटे जा चुके हैं. टोकन के आधार पर ही किसानों को निर्धारित मात्रा में खाद दी जा रही है.
निजी दुकानों पर भी नजर
प्रशासन ने केवल बिस्कोमान केंद्र ही नहीं, बल्कि प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में संचालित निजी खाद दुकानों पर भी निगरानी बढ़ा दी है.
अधिकारियों की देखरेख में खाद की बिक्री कराई जा रही है ताकि किसी तरह की कालाबाजारी या अनियमितता न हो सके. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी दर पर ही यूरिया उपलब्ध कराया जाएगा.
किसानों से शांति बनाए रखने की अपील
अधिकारियों ने किसानों से शांति बनाए रखने और टोकन व्यवस्था का पालन करने की अपील की है. प्रशासन का कहना है कि किसानों को पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.
बगहा से चंद्रप्रकाश आर्य की रिपोर्ट
