बेतिया के मैनाटांड़ से रंजीत कुमार पटेल की रिपोर्ट
Bettiah News: प्रखंड के सभी 16 पंचायतों में आगामी 30 जून तक मिशन मोड में किसानों का ‘फार्मर आईडी’ कार्ड बनाया जाएगा. इस अभियान की सफलता को लेकर सीओ आशीष आनंद और बीएओ रमेश गुप्ता ने राजस्व एवं कृषि कर्मियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की. जिला प्रशासन के निर्देशानुसार आयोजित इस बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रखंड का कोई भी पात्र किसान इस सुविधा से वंचित न रहे.
जमाबंदी वाले किसानों को मिलेगा सीधा लाभ
अधिकारियों ने बताया कि जिन किसानों के नाम से जमाबंदी उपलब्ध है, वे आयोजित होने वाले शिविरों में जाकर आसानी से अपना फार्मर आईडी बनवा सकते हैं. विशेषकर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थियों के लिए यह प्रक्रिया अत्यंत सरल होगी. जिन किसानों के नाम से अब तक जमाबंदी नहीं है, वे आवश्यक ‘परिमार्जन’ कराकर फार्मर रजिस्ट्री की प्रक्रिया को पूर्ण करा सकते हैं.
ई-केवाईसी के बाद मिलेगी आईडी
फार्मर आईडी बनाने की प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होगी. सबसे पहले कृषि सलाहकार, समन्वयक और तकनीकी प्रबंधकों के माध्यम से किसानों का ई-केवाईसी (e-KYC) किया जाएगा. इसके बाद राजस्व विभाग के कर्मी जमाबंदी की प्रविष्टि करेंगे, जिसके बाद किसानों को उनकी यूनिक आईडी उपलब्ध हो जाएगी. अधिकारियों ने कर्मियों को निर्देश दिया है कि वे किसानों की सहायता के लिए विशेष रूप से सजग रहें.
योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर
बैठक में मौजूद नोडल अधिकारी अरविंद कुमार जायसवाल सहित अन्य कर्मियों को स्पष्ट किया गया कि किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए यह आईडी अनिवार्य है. प्रशासन का लक्ष्य है कि तय समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया जाए ताकि भविष्य में किसानों को किसी भी योजना के आवेदन में तकनीकी बाधा का सामना न करना पड़े.
