बेतिया के सिकटा से अमर कुमार की रिपोर्ट
Bettiah News: वैश्विक संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की अपील का असर अब जमीनी स्तर पर दिखने लगा है. सिकटा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने व्यापक जन-जागरूकता अभियान शुरू किया है. भाजपा नेताओं ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे देशहित में तेल और गैस का उपयोग कम से कम करें, ताकि वैश्विक चुनौतियों का मजबूती से सामना किया जा सके.
‘देशभक्ति का मतलब सरकार के साथ कदमताल’
अभियान के दौरान भाजपा नेता शिवेंद्र शिबू और सिकटा विधानसभा के संयोजक सत्य प्रकाश सर्राफ ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में सरकार के निर्देशों का पालन करना ही सच्ची देशभक्ति है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि किसी भी नागरिक को परेशानी न हो. हालांकि, संसाधनों की बचत के लिए प्रधानमंत्री की अपील पर गौर करना हर भारतीय का दायित्व है.
महिलाओं को जागरूक करने के लिए विशेष पहल
भाजपा नेत्री अंतिमा कुमारी ने इस अभियान के तहत महिलाओं को सजग बनाने का बीड़ा उठाया है. उन्होंने कहा कि घर के बजट और संसाधनों के प्रबंधन में महिलाओं की भूमिका अहम होती है. महिलाओं को जागरूक करते हुए उन्होंने कहा कि हम सभी को आत्मविश्वास और एकजुटता के साथ इस संकट की घड़ी में सरकार का साथ देना चाहिए. सजगता और संयम से ही हम वैश्विक संकट के प्रभाव को कम कर सकते हैं.
