Bettiah: बगहा में अजगर और सियार के बीच जिंदगी की जंग, लोगों ने ऐसे किया बचाव

बगहा में विशाल अजगर और सियार के बीच जिंदगी और मौत का संघर्ष देखने को मिला. काफी देर तक अजगर के शिकंजे में फंसे सियार को ग्रामीणों ने बचाया. पढ़ें पूरी खबर और जानें आखिर कैसे लोगों की सूझबूझ से टला बड़ा खतरा...

Bettiah News: बगहा शहर से सटे तिरहुत नहर पुल स्थित विकास वैभव चौक के समीप शनिवार को उस समय अफरा-तफरी और कौतूहल का माहौल बन गया, जब लोगों ने एक विशाल अजगर और सियार के बीच जिंदगी और मौत का संघर्ष देखा. सड़क से गुजर रहे राहगीरों की नजर जैसे ही इस दृश्य पर पड़ी, मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई.

अजगर ने सियार को कुंडली में जकड़ा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक विशाल अजगर ने सियार को अपनी मजबूत कुंडली में जकड़ रखा था. भूख से व्याकुल अजगर उसे अपना शिकार बनाने की कोशिश कर रहा था, जबकि सियार लगातार खुद को छुड़ाने के लिए संघर्ष कर रहा था. काफी देर तक चले इस संघर्ष में सियार कमजोर पड़ने लगा था और उसकी हालत बिगड़ती जा रही थी.

युवक ने दी सूचना, ग्रामीण पहुंचे मौके पर

इसी दौरान नगर के बनकटवा निवासी सुरेंद्र यादव की नजर इस घटना पर पड़ी. पहले वह इस नजारे को देखकर अचंभित रह गया, लेकिन बाद में उसने तुरंत इसकी सूचना पर्यावरण प्रेमी गजेंद्र यादव को दी. सूचना मिलते ही गजेंद्र यादव कुछ ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे और बचाव का प्रयास शुरू किया.

शोर-शराबा कर छुड़ाई जान

ग्रामीणों ने शोर-शराबा और मिट्टी के ढेले फेंककर अजगर का ध्यान भटकाने की कोशिश की. काफी मशक्कत के बाद अजगर की पकड़ ढीली पड़ी, जिसका फायदा उठाकर सियार किसी तरह वहां से निकलकर भाग गया. वहीं लोगों की भीड़ और शोर से घबराकर अजगर पास की झाड़ियों के रास्ते तिरहुत नहर में चला गया.

घटना के दौरान मौके पर प्रेम बिहारी, सुबोध ठाकुर, अमित कुमार और इकबाल यादव समेत कई ग्रामीण मौजूद थे. ग्रामीणों ने बताया कि यह दृश्य बेहद रोमांचक और भयावह था. लोगों का कहना था कि पेट की भूख केवल इंसानों को ही नहीं, बल्कि जंगल के जीवों को भी संघर्ष करने पर मजबूर कर देती है.

बेतिया से चंद्रप्रकाश आर्य की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >