Bagaha News: वाल्मीकिनगर इको पार्क में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. शनिवार दोपहर बंदरों के झुंड ने पार्क घूमने आई एक नौ साल की बच्ची पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई. घटना के बाद पर्यटकों और स्थानीय लोगों में डर का माहौल है. लोगों ने वन विभाग से जल्द कार्रवाई की मांग की है.
परिवार के साथ घूमने आई बच्ची पर बंदरों ने किया हमला
जानकारी के मुताबिक बगहा-2 के नरईपुर निवासी पिंटू पटेल अपनी पत्नी संगीता देवी और बेटी पल्लवी कुमारी के साथ इको पार्क घूमने पहुंचे थे. इसी दौरान अचानक बंदरों का झुंड बच्ची पर टूट पड़ा. हमले में पल्लवी घायल हो गई. परिजन तुरंत उसे टंकी बाजार स्थित एक निजी क्लीनिक ले गए, जहां उसका इलाज कराया गया.
पर्यटन स्थलों और बाजारों में बढ़ रही परेशानी
स्थानीय लोगों का कहना है कि वाल्मीकिनगर क्षेत्र में बंदरों की संख्या तेजी से बढ़ रही है. इको पार्क, कैनोपी वॉक, नरदेवी मंदिर, जटाशंकर मंदिर, गोल चौक और टंकी बाजार जैसे इलाकों में बंदरों का झुंड अक्सर लोगों को परेशान करता है. कई बार बंदर दुकानों से सामान उठा ले जाते हैं और राह चलते लोगों के हाथ से थैले छीन लेते हैं.
घरों और दुकानों को भी पहुंचा रहे नुकसान
ग्रामीणों के अनुसार बंदर घरों के बाहर सूख रहे कपड़ों को फाड़ देते हैं और छतों पर लगी पानी की टंकियों को भी नुकसान पहुंचाते हैं. शाम के समय फल और सब्जी दुकानों पर बंदरों का झुंड धावा बोल देता है, जिससे दुकानदारों को नुकसान उठाना पड़ रहा है.
वन विभाग से कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने वन विभाग से बंदरों को पकड़कर दूसरे स्थान पर छोड़ने की मांग की है. लोगों का कहना है कि अगर जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो आने वाले दिनों में बड़ी घटना हो सकती है. वहीं वाल्मीकिनगर रेंजर सत्यम कुमार ने कहा कि अभी तक पीड़ित परिवार की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है. आवेदन मिलने के बाद विभाग आगे की कार्रवाई करेगा.
बगहा से चंद्रप्रकाश आर्य की रिपोर्ट
