बगहा: वाल्मीकिनगर सीमा पर जमीनी विवाद के बाद एक्शन में प्रशासन, जांच के लिए पहुंचे डीएम और एसपी

Bagaha News: भारत-नेपाल सीमा से सटे वाल्मीकिनगर में जमीनी विवाद की जांच के लिए डीएम और एसपी ने संयुक्त निरीक्षण किया. अधिकारियों ने निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा देते हुए सीमा पर तैनात पुलिस और एसएसबी को अलर्ट रहने के निर्देश दिए. जानिए पूरी खबर…

बगहा से चंद्रप्रकाश आर्य की रिपोर्ट

Bagaha News: पश्चिम चंपारण जिला अंतर्गत बगहा अनुमंडल के भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे वाल्मीकिनगर क्षेत्र में चल रहे जमीनी विवाद को लेकर जिला और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह और पुलिस अधीक्षक रामानंद कुमार कौशल ने अन्य वरीय अधिकारियों के साथ विवादित स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया. इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी चांदनी कुमारी, एसएसबी कमांडेंट तपेशर संबित तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी निहार भूषण समेत कई संबंधित अधिकारी मौजूद रहे.

अधिकारियों ने घटनास्थल की वस्तुस्थिति का गहन अवलोकन किया और संबंधित पक्षों से बातचीत कर मामले की समीक्षा की. इसके साथ ही भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में विधि-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया गया.

निष्पक्ष जांच और पारदर्शी निष्पादन के निर्देश

जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मौके पर मौजूद राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने मामले के निष्पक्ष एवं पारदर्शी निष्पादन पर जोर देते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी पक्ष के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. जमीन से जुड़े इस संवेदनशील मामले को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाना प्रशासन की प्राथमिकता है.

अफवाहों से बचने की अपील, एसएसबी अलर्ट

संयुक्त निरीक्षण के दौरान सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और स्थानीय पुलिस बल को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए. अधिकारियों ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अफवाह या संवेदनशील गतिविधि पर प्रशासन की पैनी नजर है. उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे किसी भी बहकावे में न आएं और क्षेत्र में शांति व आपसी सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें. किसी भी समस्या या सूचना की जानकारी तत्काल स्थानीय अधिकारियों को दें.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >