बगहा से इजराइल अंसारी की रिपोर्ट
Bagaha News: रामनगर नगर परिषद में सशक्त स्थायी समिति के ऐतिहासिक गठन के बाद नगर परिषद कार्यालय में भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया. इस मौके पर सभी पार्षदों और अधिकारियों ने विकास के मुद्दों पर एकजुटता दिखाई. समारोह में नवचयनित समिति सदस्यों कलाम खान और राकेश सिंह को बधाई देकर उनके सफल कार्यकाल की कामना की गई.
पहली बार निर्वाचन प्रक्रिया से हुआ समिति का गठन
रामनगर नगर परिषद के इतिहास में यह पहली बार है जब पूरी तरह से लोकतांत्रिक निर्वाचन प्रक्रिया के तहत सशक्त स्थायी समिति का गठन किया गया है. हालिया चुनाव में कलाम खान और राकेश सिंह नए सदस्य के रूप में निर्वाचित हुए हैं, जबकि बृजेश ओझा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए समिति में अपना पुराना स्थान बरकरार रखा है.
नगर हित में मिलकर काम करने का लिया संकल्प
कार्यपालक पदाधिकारी (EO) मुकेश कुमार और उपसभापति श्वेता कुमारी ने नए सदस्यों का स्वागत किया. उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने में इस समिति की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है. नवनिर्वाचित सदस्य राकेश सिंह और कलाम खान ने कहा कि नगर की समस्याओं का समाधान करना और रामनगर को स्वच्छ, सुंदर व सुविधायुक्त बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी.
समारोह में ये जनप्रतिनिधि और कर्मी रहे मौजूद
इस अभिनंदन कार्यक्रम में वार्ड पार्षद राकेश अग्रवाल, विजेंद्र चौबे, अखिलेश साह सहित पार्षद प्रतिनिधि नसीम तैयब, मुन्ना गोंड, असलम खान, जावेद अख्तर और फैयाज खान मौजूद रहे. इसके अलावा नगर परिषद के प्रभारी प्रधान सहायक कृष्ण सिंह नेपाली, अमित कुमार, बिट्टू कुमार और रवि प्रकाश सहित कई कर्मियों ने भी नए सदस्यों को शुभकामनाएं दीं.
