बगहा से चंद्रप्रकाश आर्य की रिपोर्ट
Bagaha News: बगहा अनुमंडल के रामनगर प्रखंड के उहमी कंपाउंड निवासी सौरभ कुमार शुक्ल ने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत के दम पर क्षेत्र का मान बढ़ाया है. सौरभ ने आरआरबी एनटीपीसी (RRB NTPC) परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर स्टेशन मास्टर के पद पर अपना चयन सुनिश्चित किया है. जैसे ही इस उपलब्धि की खबर नगर में फैली, चारों ओर उत्सव का माहौल बन गया और सौरभ के आवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया.
सीमित संसाधनों में संघर्ष की मिसाल
सौरभ राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित सेवानिवृत्त शिक्षक सदाकांत शुक्ल के पोते और शिक्षक अरविंद शुक्ल के पुत्र हैं. उनकी इस सफलता पर नगर सभापति प्रतिनिधि नागेंद्र साह और उपसभापति प्रतिनिधि सुजल सिंह ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया. समाजसेवी श्रीकांत गुप्ता ने कहा कि सौरभ की यह उपलब्धि संघर्ष और आत्मविश्वास की मिसाल है. सीमित संसाधनों के बीच इस तरह की सफलता हासिल करना नगर के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है.
असफलता से न हों निराश
अपनी सफलता का मंत्र साझा करते हुए सौरभ कुमार शुक्ल ने कहा कि यदि पहली बार में कामयाबी न मिले तो हार नहीं माननी चाहिए. धैर्य और निरंतर परिश्रम से किसी भी बड़े लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है. उनकी माता वीणा देवी और पूरे परिवार ने मिठाई खिलाकर अपनी खुशी जाहिर की. इस मौके पर निधि राय, दीपेंद्र राय, शेखर सुमन और पिंटू गुप्ता समेत कई स्थानीय लोग मौजूद रहे, जिन्होंने सौरभ के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
