बगहा: सुबह-सुबह बगीचे से मिला शव, इलाके में हड़कंप

Bagaha News: बगहा के चखनी रजवटिया गांव में बगीचे की रखवाली कर रहे 62 वर्षीय जीर्जोधन साह की बेरहमी से हत्या कर दी गई. क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी है. पढे़ं पूरी खबर…

बगहा से इजरायल अंसारी की रिपोर्ट

Bagaha News: बगहा के नगर थाना क्षेत्र स्थित चखनी रजवटिया गांव में बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बगीचे की रखवाली करने वाले एक बुजुर्ग का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ. मृतक की पहचान 62 वर्षीय जीर्जोधन साह उर्फ कसैली साह के रूप में हुई है. घटना की खबर मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए.

सुबह टहलने निकले लोगों ने देखा शव

परिजनों के मुताबिक जीर्जोधन साह पिछले करीब सात वर्षों से इलाके के एक बगीचे की देखरेख कर रहे थे. मंगलवार रात भोजन करने के बाद वह रोज की तरह बगीचे की रखवाली के लिए निकले थे. बुधवार सुबह जब ग्रामीण टहलने पहुंचे तो उन्होंने बगीचे में उनका शव पड़ा देखा. इसके बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई.

शरीर पर मिले कई गंभीर चोटों के निशान

मृतक के परिजनों का कहना है कि हत्या बेहद बेरहमी से की गई है. शरीर पर कई जगह गंभीर चोटों के निशान मिले हैं. दाहिना हाथ टूटा हुआ था, जबकि सिर पर धारदार हथियार से हमले के निशान पाए गए. शरीर के अन्य हिस्सों पर भी गंभीर जख्म मिले हैं. घटना को लेकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल है.

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच

सूचना मिलते ही एसडीपीओ निहार भूषण, नगर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की. शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया गया है.

पुरानी रंजिश के एंगल पर भी जांच

परिजनों ने घटना के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई है, हालांकि उन्होंने किसी से सीधे विवाद की बात से इनकार किया है. पुलिस का कहना है कि हत्या के कारणों की जांच हर पहलू से की जा रही है. अज्ञात अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >