बगहा से इजरायल अंसारी की रिपोर्ट
Bagaha News: पश्चिम चंपारण के धनहा थाना क्षेत्र से सटे बिहार-उत्तर प्रदेश सीमा पर स्थित एक कथित अवैध क्लिनिक में प्रसव के दौरान जच्चा और नवजात की मौत हो गई. घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने क्लिनिक पहुंचकर जमकर हंगामा किया और चिकित्सीय लापरवाही का आरोप लगाया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
प्रसव के दौरान बिगड़ी महिला और नवजात की हालत
जानकारी के अनुसार धनहा थाना क्षेत्र के खोतहवा गांव निवासी विकास यादव की पत्नी रजनी देवी (30) को सामान्य प्रसव के लिए यूपी के बांसी स्थित योगी क्लिनिक में भर्ती कराया गया था.
परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान प्रसूता और नवजात की तबीयत बिगड़ गई. गंभीर स्थिति के बावजूद समय पर उचित चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने के कारण दोनों की मौत हो गई.
यह भी पढ़ें: पांच लाख की फिरौती के लिए दो चचेरे भाइयों का अपहरण, 4 घंटे में रेस्क्यू
मौत के बाद क्लिनिक संचालक और एएनएम फरार
घटना के बाद क्लिनिक संचालक सतेंद्र सिंह और मधुबनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत एएनएम अविता कुमारी के क्लिनिक छोड़कर फरार होने की बात सामने आई है.
इससे परिजनों का आक्रोश और बढ़ गया. उन्होंने क्लिनिक पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलने पर उत्तर प्रदेश के बांसी चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने परिजनों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया.
इसके बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: मध्य प्रदेश में प्लांट हादसे का शिकार हुआ युवक, शव पहुंचते ही गांव में पसरा मातम
अवैध क्लिनिक संचालन का आरोप
परिजनों का आरोप है कि योगी क्लिनिक का संचालन कई वर्षों से सतेंद्र सिंह और एएनएम अविता कुमारी की साझेदारी में किया जा रहा है.
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अविता कुमारी द्वारा भितहा प्रखंड क्षेत्र में भी एक अन्य अवैध क्लिनिक संचालित किया जाता है. हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है.
पीएचसी प्रभारी ने क्या कहा?
मधुबनी पीएचसी प्रभारी डॉ. आनंद कुमार ने बताया कि अविता कुमारी मधुबनी पीएचसी में एएनएम के पद पर कार्यरत हैं. उनके द्वारा किसी निजी या अवैध क्लिनिक के संचालन की जानकारी उन्हें नहीं है.
उन्होंने कहा कि यदि मृतका के परिजन लिखित शिकायत देते हैं तो मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के लिए वरीय अधिकारियों को प्रतिवेदन भेजा जाएगा.
फिलहाल पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की आगामी जांच पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं.
