Bagaha news: बगहा अनुमंडलीय अस्पताल में मरीज की मौत के बाद हुए हंगामे ने बुधवार को स्वास्थ्य सेवाओं पर असर डाल दिया. डॉक्टरों के साथ कथित बदसलूकी से नाराज चिकित्सकों ने विरोध स्वरूप ओपीडी सेवा करीब ढाई घंटे तक बंद रखी. इससे इलाज कराने पहुंचे मरीजों को काफी परेशानी उठानी पड़ी.
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, मलपुरवा निवासी भूपेंद्र पांडे को परिजन अचेत अवस्था में अस्पताल लेकर पहुंचे थे. ड्यूटी पर मौजूद डॉ. विनय कुमार ने जांच के दौरान मरीज को मृत पाया. डॉक्टरों का कहना है कि परिजनों की संतुष्टि के लिए कुछ देर तक जांच प्रक्रिया जारी रखी गई, लेकिन बाद में मृत घोषित करना पड़ा.
डॉक्टरों से दुर्व्यवहार का आरोप
मरीज की मौत के बाद परिजन ईसीजी जांच की मांग करने लगे. आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर परिजन और उनके समर्थक आक्रोशित हो गए और डॉक्टरों व स्वास्थ्यकर्मियों से दुर्व्यवहार किया. इसके बाद अस्पताल में तनाव का माहौल बन गया.
सुरक्षा की मांग पर विरोध
घटना से नाराज डॉक्टरों ने बुधवार सुबह ओपीडी सेवा बंद कर दी. प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. ए.के. तिवारी ने बताया कि चिकित्सकों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है. उनका कहना है कि सुरक्षित माहौल के बिना काम करना मुश्किल है.
प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद सेवा बहाल
सूचना पर नगर थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. सुरक्षा का आश्वासन मिलने के बाद करीब ढाई घंटे बाद ओपीडी सेवा फिर शुरू कर दी गई. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
बगहा से चंद्रप्रकाश आर्य की रिपोर्ट
