Bagaha: उत्पाद विभाग की गुंडागर्दी? घंटों गाड़ी में घुमाया और वसूल लिए हजारों रुपए

Bagaha News: बगहा में उत्पाद विभाग की टीम पर चार बिजली मिस्त्रियों से जबरन 22 हजार रुपये वसूलने का आरोप लगा है. पीड़ितों का दावा है कि बिना शराब पिए उन्हें घंटों गाड़ी में घुमाया गया और डरा-धमकाकर पैसे लिए गए. जानिए खबर विस्तार से…

Bagaha News: बिहार में शराबबंदी कानून को लागू कराने वाली उत्पाद विभाग की टीम पर वसूली के गंभीर आरोप लगे हैं. बगहा के चार युवकों ने विभाग की टीम पर डरा-धमकाकर 22 हजार रुपये वसूलने का दावा किया है. पीड़ितों का कहना है कि वे बिजली मरम्मत का काम कर लौट रहे थे, तभी उनके साथ यह घटना हुई. इस मामले के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.

जबरन गाड़ी में बैठाने का आरोप

पीड़ित अभिमन्यु यादव, ललन यादव, शुनेश्वर राम और संजय राम ने बताया कि शनिवार शाम वे खैर पोखरा के पास काम खत्म कर गुटखा खा रहे थे. इसी बीच उत्पाद विभाग की दो गाड़ियाँ वहाँ पहुँचीं. आरोप है कि टीम के चालक आलोक यादव ने बिना किसी पूछताछ के उनकी बाइक की चाबी छीन ली और चारों को जबरन स्कॉर्पियो में बैठा लिया. पीड़ितों का दावा है कि उन्होंने शराब का सेवन नहीं किया था, फिर भी उन पर दबाव बनाया गया.

महिला दरोगा पर पैसे गिनने का आरोप

पीड़ितों के अनुसार, टीम उन्हें करीब दो-तीन घंटे तक गाड़ी में बैठाकर इधर-उधर घुमाती रही और मानसिक दबाव बनाया. डर के मारे युवकों ने 22 हजार रुपये की व्यवस्था कर टीम को सौंप दी. पीड़ितों का आरोप है कि गाड़ी में मौजूद एक महिला दरोगा ने मोबाइल की टॉर्च जलाकर रुपयों की गिनती की. इसके बाद रात करीब 9 बजे उन्हें मर्यादपूर पुल के पास उतार दिया गया. युवकों ने बताया कि उन्हें डराकर पैसे तो लिए ही गए, साथ ही काफी मानसिक प्रताड़ना भी दी गई.

थानाध्यक्ष बोले- शिकायत मिलने पर होगी जांच

इस गंभीर मामले पर उत्पाद थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि फिलहाल उनके पास लिखित शिकायत नहीं पहुँची है. उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि पीड़ित शिकायत दर्ज कराते हैं, तो मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित होगी. फिलहाल, न्याय की गुहार लगा रहे युवकों ने उच्चाधिकारियों से हस्तक्षेप की मांग की है.

बगहा से इजरायल अंसारी की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By saharasunilmuz

saharasunilmuz is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >