चंद्रप्रकाश आर्य की रिपोर्ट
Bagaha News: बगहा पुलिस जिला के लौकरिया थाना क्षेत्र में हुई चोरी के एक बड़े मामले का पुलिस ने महज कुछ ही दिनों में सफल उद्भेदन कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक स्वर्ण व्यवसायी समेत तीन शातिर आरोपितों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार बदमाशों के पास से पुलिस ने करीब 10 लाख रुपये मूल्य के चोरी के सोने-चांदी के गहने, मोबाइल फोन, डायरी और रजिस्टर बरामद किए हैं. इस बड़ी सफलता से इलाके के व्यवसायियों और आम लोगों ने राहत की सांस ली है.
एसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम, छापेमारी में दबोचे गए आरोपी
पुलिस के मुताबिक लौकरिया थाना कांड संख्या-101/26, दिनांक 21 मई 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 एवं 331(4) के तहत मामला दर्ज किया गया था. घटना की गंभीरता को देखते हुए बगहा के पुलिस अधीक्षक (SP) रामानंद कुमार कौशल के निर्देश पर रामनगर की अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) रागिनी कुमारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था. पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछाकर मंझरिया निवासी स्वर्ण व्यवसायी तिरपुरारी सहनी, गांधीनगर निवासी गोलू कुमार और गुदरी बाजार निवासी सूरज कुमार को दबोच लिया.
चोरी के गहने बरामद, अन्य आपराधिक मामलों में भी जुड़े तार
पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने चोरी की इस बड़ी वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है. इसके बाद पुलिस ने इनकी निशानदेही पर छापेमारी कर चोरी किए गए 10 लाख रुपये के जेवरात बरामद किए. साथ ही इनके पास से एक मोबाइल, डायरी और रजिस्टर भी जब्त किया गया है. पुलिस अनुसंधान में यह भी खुलासा हुआ है कि इन आरोपियों के तार बगहा पुलिस जिला के कई अन्य आपराधिक मामलों से भी जुड़े हैं.
टीम में शामिल रहे ये जांबाज अधिकारी
इस सफल अभियान में रामनगर एसडीपीओ रागिनी कुमारी, लौकरिया थानाध्यक्ष रमन कुमार, अनुसंधानकर्ता सोनू कुमार, सपुनि समीम अहमद, डीआईयू (DIU) के अशोक कुमार, अनुज कुमार सिंह और सिपाही विनय व आशीष कुमार शामिल थे. पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
