बगहा से चंद्रप्रकाश आर्य की रिपोर्ट
Bagaha News: पश्चिम चंपारण जिला अंतर्गत पुलिस जिला बगहा के चौतरवा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई की है.पुलिस ने पशु तस्करी के एक बड़े प्रयास को विफल करते हुए 18 मवेशियों को बरामद किया है.इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल होने वाली एक पिकअप गाड़ी को भी जब्त किया गया है.पुलिस ने मौके से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है.
देर रात पुलिस की छापेमारी से तस्करों में मची अफरा-तफरी
चौतरवा के प्रभारी थानाध्यक्ष रमेश कुमार ने बताया कि मंगलवार की देर रात करीब दो बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी.सूचना के मुताबिक, थाना क्षेत्र के भुलहवा डीह गांव में एक पिकअप वाहन पर मवेशियों को लादकर तस्करी के लिए ले जाने की तैयारी चल रही थी.मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसआई जयशंकर कुमार एवं अजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया.पुलिस को देखते ही तस्करों में अफरा-तफरी मच गई और कई आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए.
छह भैंस और 12 बछड़े बरामद, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने जब मौके पर छानबीन की, तो वहां खड़ी पिकअप गाड़ी से कुल 18 मवेशी बरामद हुए, जिनमें छह भैंस और 12 बछड़े शामिल हैं.हिरासत में लिए गए दो लोगों से थाने में कड़ाई से पूछताछ की जा रही है, ताकि फरार तस्करों की पहचान की जा सके.जब्त पिकअप और सभी मवेशियों को सुरक्षित थाने लाया गया है.
तस्करों के पूरे नेटवर्क को खंगाल रही चौतरवा पुलिस
प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में चौतरवा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है.पुलिस इस अवैध धंधे से जुड़े पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है.थानाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि क्षेत्र में अवैध पशु तस्करी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
