Bagaha NEET Protest: देशभर में NEET परीक्षा के कथित पेपर लीक को लेकर जारी विरोध-प्रदर्शनों के बीच बगहा पुलिस जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार के नेतृत्व में शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. प्रमुख चौक-चौराहों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.
पुलिस अधिकारियों को लगातार गश्त करने और हर गतिविधि पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं.
शहर से गांव तक बढ़ाई गई निगरानी
बगहा एसडीपीओ निहार भूषण, रामनगर एसडीपीओ तथा विभिन्न थाना क्षेत्रों के थानाध्यक्ष और पुलिस निरीक्षक अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं.
नगर परिषद क्षेत्र के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है. रामनगर, बगहा और आसपास के संवेदनशील स्थानों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है.
फिलहाल शांत है स्थिति, फिर भी प्रशासन सतर्क
शुक्रवार को बगहा में किसी प्रकार का विरोध-प्रदर्शन नहीं हुआ और पूरे इलाके में स्थिति शांतिपूर्ण रही.
हालांकि प्रशासन का कहना है कि किसी भी संभावित प्रदर्शन, जुलूस या मार्च से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.
बुधवार को निकला था विरोध मार्च
प्रशासन के अनुसार, बुधवार को सैकड़ों लोगों ने करीब चार किलोमीटर लंबा पैदल मार्च निकालकर NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन किया था.
प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी की थी. यह प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ था.
दंगा नियंत्रण का कराया गया विशेष अभ्यास
संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए गुरुवार को पुलिस केंद्र में एसपी राजेश कुमार के नेतृत्व में दंगा नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन का विशेष अभ्यास कराया गया.
इस दौरान पुलिस जवानों को दंगा नियंत्रण उपकरणों के उपयोग, भीड़ प्रबंधन, त्वरित प्रतिक्रिया और समन्वित कार्रवाई का प्रशिक्षण दिया गया.
अफवाहों से बचने की अपील
एसपी राजेश कुमार ने बताया कि NEET परीक्षा से जुड़े विवाद को देखते हुए एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है.
उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही आम लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है.
