गंडक बराज में क्या सच में पानी घटा? क्या है बगहा की स्थिति... पढ़ें लेटेस्ट अपडेट

गंडक बराज वाल्मीकिनगर का जलस्तर घटने से बगहा में बाढ़ का खतरा कम हुआ है. हालांकि निचले इलाकों के लोग अभी भी डरे हुए हैं. दीनदयाल नगर घाट पर नदी से बहकर आए गैस सिलेंडर और वाहन के चक्के मिले.

बगहा गंडक बराज: नेपाल से आने वाली बाढ़ का खतरा अब धीरे-धीरे कम होता नजर आ रहा है. गंडक बराज वाल्मीकिनगर से नदी के जलस्तर में लगातार कमी दर्ज होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है. हालांकि, निचले इलाकों में रहने वाले परिवारों के बीच अभी भी डर का माहौल बना हुआ है. कई परिवारों ने पूरी रात जागकर नदी के जलस्तर पर नजर रखी. ऊंचे स्थानों पर शरण लेने वाले लोग अब स्थिति सामान्य होने के बाद धीरे-धीरे अपने घर लौटने लगे हैं.

गंडक नदी से सटा दिनदयाल नगर घाट | Prabhat Khabar Network

गुरुवार सुबह गंडक बराज वाल्मीकिनगर का जलस्तर घटकर करीब 1.04 लाख क्यूसेक रह गया. पानी घटने के बाद प्रशासन और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है. हालांकि, प्रशासन ने लोगों से फिलहाल सतर्कता बनाए रखने की अपील की है.

रातभर जागते रहे निचले इलाकों के लोग

बाढ़ की आशंका को लेकर निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई थी. कई परिवार पूरी रात जागकर नदी और आसपास के जलस्तर की स्थिति देखते रहे. प्रशासन की ओर से भी लगातार लोगों को सावधान रहने और किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की जाती रही.

प्रशासन की सक्रियता और लगातार निगरानी से लोगों को काफी मदद मिली. ऊंचे स्थानों पर शरण लेने वाले कई परिवार अब पानी का खतरा कम होने के बाद अपने सामान के साथ घर लौटने लगे हैं.

नदी में बहकर आए गैस सिलेंडर और वाहन के चक्के

गंडक नदी में बाढ़ के पानी का जलस्तर | Prabhat Khabar Network

इधर, दीनदयाल नगर स्थित गंडक नदी घाट पर नदी के पानी के साथ बहकर आई लकड़ियों और अन्य सामान को लोग छानते नजर आए. घाट पर दर्जनों गैस सिलेंडर, बस और ट्रक के चक्के समेत कई अन्य सामान नदी के रास्ते बहकर पहुंचने की बात सामने आई.

लोग नाविकों की मदद से नदी से बहकर आए सामान को छान रहे थे. घाट पर लोगों की भीड़ भी देखी गई. नदी में बहकर आए सामान को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं.

एसडीएम ने लोगों से शांति बनाए रखने को कहा

बगहा एसडीएम चांदनी कुमारी ने अनुमंडल की आम जनता से शांति बनाए रखने और सतर्क रहने की अपील की है. उन्होंने लोगों से प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने को कहा है.

वहीं, जदयू नेता राकेश कुमार सिंह ने भी लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की. प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की जा रही है कि किसी भी तरह की अपुष्ट सूचना पर भरोसा न करें और स्थिति से जुड़ी जानकारी के लिए प्रशासन के निर्देशों पर ध्यान दें.

गंडक का जलस्तर कम होने से फिलहाल बाढ़ का खतरा घटता नजर आ रहा है, लेकिन प्रशासन अभी भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है. लोगों को नदी और निचले इलाकों में अनावश्यक रूप से जाने से बचने की सलाह दी गई है.

यह भी पढ़ें:

बिहार में बाढ़ अलर्ट के बीच क्या है रेलवे की तैयारी? रेल परिचालन भी हो सकता है बंद


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Israel ansari

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >