सरस्वती पूजा को लेकर प्रशासन सतर्क, 24 जनवरी तक हर हाल में होगा विसर्जन

सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है.

नरकटियागंज/नौतन. सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. इसी कड़ी में मंगलवार को शिकारपुर एवं नौतन थाना परिसर में अलग-अलग शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. दोनों बैठकों में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पूजा समिति सदस्यों एवं गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में सुरक्षा व्यवस्था, विसर्जन प्रक्रिया और कानून-व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. शिकारपुर थाना परिसर में आयोजित बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष ज्वाला कुमार सिंह ने की. बैठक में नवागत एसडीएम अभिजीत कुमार गोविंदा ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सरस्वती पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की अशांति बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि 24 जनवरी तक अनुमंडल क्षेत्र के सभी पूजा पंडालों का विसर्जन अनिवार्य रूप से करा लिया जाएगा. इसके लिए सभी घाटों पर एसडीआरएफ की टीम तैनात रहेगी तथा पूरे क्षेत्र में सेक्टर पदाधिकारियों की निगरानी रहेगी. एसडीएम ने बताया कि पूजा समितियों को लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा. बिना लाइसेंस न तो पूजा की अनुमति दी जाएगी और न ही कोई जुलूस निकाला जा सकेगा. वहीं, बीडीओ सूरज कुमार ने पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें. उन्होंने कहा कि किसी भी असामाजिक तत्व की सूचना तुरंत पुलिस को दें. थानाध्यक्ष ज्वाला कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि पूजा पंडालों एवं विसर्जन जुलूस में डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. नियमों के उल्लंघन पर डीजे जब्त कर संबंधित पूजा समिति पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी. उन्होंने बताया कि अब तक 230 लोगों पर निरोधात्मक कार्रवाई की जा चुकी है. बैठक में मुखिया राहुल जायसवाल, टाउन प्लानर वसीम रजा, सत्यम श्रीवास्तव, वर्मा प्रसाद, मुन्ना त्यागी, भोला शर्मा, संतोष पाल, राजेश सिंह, मो. सनाउल्लाह, राजेश गुप्ता, श्याम पंडित, बिट्टू जायसवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे. इधर, नौतन थाना परिसर में भी शांति समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता थानाध्यक्ष प्रमोद पासवान ने की. उन्होंने कहा कि सरस्वती पूजा के दौरान शांति, सौहार्द और अनुशासन बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है. डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और तय समय सीमा में ही सभी कार्यक्रम संपन्न कराने होंगे. बैठक में प्रमुख कृष्ण देव चौधरी, बीडीओ शैलेंद्र कुमार सिंह, सीओ अलका कुमारी, पूर्व प्रमुख श्रीकांत सिंह, उप प्रमुख अपसर हुसैन, पप्पू चौधरी, अरविंद चौरसिया, सुनैना देवी, जदयू प्रखंड अध्यक्ष अरुण कुशवाहा, भाजपा मंडल अध्यक्ष छोटे लाल कुशवाहा, परमेश्वर साह, राजू सिंह, हृदयानंद सिंह, मुनीलाल पासवान, राकेश वर्मा सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने प्रशासन को सहयोग देने और क्षेत्र में शांति बनाए रखने का भरोसा दिलाया. पुलिस प्रशासन ने भी गश्त बढ़ाने और हर स्थिति से निपटने की बात कही.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SATISH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >