West Champaran News: रामनगर प्रखंड के हरहा नदी में मंगलवार को डूबे भूअरहवा निवासी 9 वर्षीय मासूम अनुज का शव शुक्रवार को चंपापुर दोन के समीप ग्रामीणों ने बरामद कर लिया. शव मिलने की सूचना पर प्रशासन एवं गोबरहिया पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया.
Ramnagar News: हरहा नदी में डूबा था मासूम
बताया जाता है कि बनकटवा करमहिया पंचायत के भूअरहवा दोन निवासी रोहित मुंडा का 9 वर्षीय पुत्र अनुज मंगलवार को हरहा नदी में डूब गया था. घटना के बाद से ही परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे थे. सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम ने भी रेस्क्यू अभियान शुरू किया था.
एसडीआरएफ ने कई स्थानों पर चलाया रेस्क्यू अभियान
एसडीआरएफ की टीम ने गुरुवार शाम तक नदी के कई स्थानों पर मासूम की तलाश की, लेकिन कम जलस्तर और कठिन परिस्थितियों के कारण शव का पता नहीं चल सका. काफी प्रयास के बाद भी रेस्क्यू अभियान सफल नहीं होने पर गुरुवार रात एसडीआरएफ की टीम वापस लौट गई.
ग्रामीणों ने चंपापुर दोन के पास देखा शव
शुक्रवार सुबह चंपापुर दोन के समीप ग्रामीणों की नजर नदी में पड़े शव पर पड़ी. इसके बाद तत्काल प्रशासन और पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही गोबरहिया पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया. पुलिस मामले में आगे की प्रक्रिया पूरी कर रही है.
मासूम की मौत से गांव में पसरा मातम
अनुज का शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है. ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है.
यह भी पढ़ें: गोविंदगंज में पोखर में डूबने से मां और चार बच्चों की मौत, गांव में पसरा मातम
