Begusarai News : नावकोठी थाना क्षेत्र के महेशवारा वार्ड नंबर 4 में सर्पदंश से एक महिला की मौत हो गई. मृतका की पहचान लल्लू यादव की 36 वर्षीय पत्नी रामदुलारी देवी के रूप में हुई है. बुधवार की रात सांप के डंसने के बाद महिला को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल मंझौल ले जाया गया था. स्थिति बिगड़ने पर उन्हें सदर अस्पताल बेगूसराय रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
रात करीब 10 बजे सांप ने डंसा
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार की रात करीब 10 बजे रामदुलारी देवी को सांप ने डंस लिया. इसके बाद परिजन उन्हें रात करीब 10:40 बजे उपचार के लिए अनुमंडलीय अस्पताल मंझौल लेकर पहुंचे. अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी स्थिति बिगड़ने लगी. इसके बाद रात 12:35 बजे महिला को सदर अस्पताल बेगूसराय रेफर कर दिया गया.
सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
परिजनों के अनुसार, रात करीब 2:30 बजे सदर अस्पताल बेगूसराय में इलाज के दौरान रामदुलारी देवी की मौत हो गई. मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद महिला को देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई.
Also Read : औरंगाबाद में फर्जी सिम से खुद को एमएलसी बताकर अधिकारियों को धमकाने वाला गिरफ्तार
अस्पताल पर इलाज में लापरवाही का आरोप
पूर्व उपमुखिया महेश यादव ने अनुमंडलीय अस्पताल मंझौल में इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है. परिजनों का कहना है कि अस्पताल में महिला को केवल पानी चढ़ाया गया और एंटी स्नेक वेनम का डोज नहीं दिया गया. उनका आरोप है कि समय पर समुचित इलाज नहीं मिलने के कारण महिला की स्थिति बिगड़ती चली गई.
परिजनों के अनुसार, अस्पताल में यह भी कहा गया कि महिला को जहरीले सांप ने नहीं डंसा है, इसलिए उसके शरीर में विष नहीं है. परिजनों ने इस पूरे मामले की जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है.
Also Read : ‘चिकित्सा आपके द्वार’ के तहत औरंगाबाद में स्वास्थ्य कर्मियों को दिया प्रशिक्षण
दो बच्चों को पीछे छोड़ गई महिला
रामदुलारी देवी अपने पीछे 17 वर्षीय पुत्री नेहा कुमारी और 13 वर्षीय पुत्र हिमांशु कुमार को छोड़ गई हैं. महिला की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. वहीं, अनुमंडलीय अस्पताल मंझौल में इलाज में लापरवाही के आरोप को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है.
मुआवजा देने की मांग
मौके पर पहुंचे समाजसेवी एवं पूर्व उपमुखिया महेश यादव समेत अन्य लोगों ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है. उन्होंने मामले की जांच कर दोषी पाए जाने वाले लोगों पर कार्रवाई की मांग भी की है.
