Begusarai News: खोदावंदपुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर पंचायत के वार्ड संख्या-5 में एक प्रसूता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका की पहचान वार्ड निवासी बिमलेश कुमार की 25 वर्षीय पत्नी मनीषा कुमारी के रूप में हुई है. घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही है. इधर, मृतका के मायके पक्ष ने पति पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया है.
10 दिन पहले दिया था बेटी को जन्म
परिजनों के अनुसार, मनीषा कुमारी ने करीब 10 दिन पहले एक पुत्री को जन्म दिया था. प्रसव के बाद से ही उनकी तबीयत ठीक नहीं थी और वह काफी कमजोर हो गई थीं. शनिवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और तेज दर्द होने पर परिजन उन्हें इलाज के लिए एक निजी क्लीनिक ले गए. वहां चिकित्सक ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल रेफर कर दिया.
इलाज नहीं करा पाने का आरोप
परिजनों का कहना है कि आर्थिक तंगी और इलाज के लिए पर्याप्त पैसे नहीं होने के कारण उन्हें बड़े अस्पताल नहीं ले जाया जा सका. इसके बाद उन्हें वापस घर लाया गया, जहां देर रात उनकी मौत हो गई.
मायके वालों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
घटना की सूचना मिलने पर समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव से मृतका के मायके वाले पहुंचे. उन्होंने मनीषा के पति पर दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है.
मायके पक्ष का कहना है कि मनीषा की शादी करीब 14 महीने पहले बिमलेश कुमार से हुई थी. शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था. उनका आरोप है कि इसी प्रताड़ना के कारण उसकी जान गई.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
घटना की सूचना मिलते ही खोदावंदपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया.
थानाध्यक्ष ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलने के बाद सभी आरोपों की जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
नवजात से छिन गया मां का साया
मनीषा कुमारी की असामयिक मौत से परिवार में मातम पसरा है. पति, मां, सास और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. महज 10 दिन पहले जन्मी नवजात बच्ची के सिर से मां का साया उठ जाने से पूरे गांव में शोक का माहौल है.
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मौत के कारणों की जांच जारी है.
इसे भी पढ़ें: बंटी यादव मर्डर केस: पीड़ित परिवार से मिले खेसारी लाल यादव, बोले- पुलिस असली तस्करों को नहीं पकड़ पाती
