बेगूसराय: 48 घंटे से बिजली गुल, 500 घरों में अंधेरा; तीन ट्रांसफार्मर फेल होने से ग्रामीण परेशान

नावकोठी के विष्णुपुर गांव में ट्रांसफार्मर जलने से 500 घरों में 48 घंटे से अंधेरा छाया है। बिजली विभाग ने रविवार तक आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया है।

Begusarai News : बेगूसराय नावकोठी प्रखंड के विष्णुपुर गांव में बीते 48 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप रहने से हाहाकार मचा हुआ है. वार्ड नंबर 2, 3, 4 और 6 के करीब 500 उपभोक्ताओं के घरों में बुधवार से ही अंधेरा पसरा है. बिजली नहीं रहने के कारण ग्रामीणों की रोजमर्रा की जिंदगी पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गयी है.

तीन महीने में तीन ट्रांसफार्मर फेल

ग्रामीणों ने बताया कि बीते तीन महीने में दो कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मर अतिरिक्त भार नहीं सह सके और खराब हो गये. अब वार्ड नंबर 2 में कब्रिस्तान के पास लगा तीसरा ट्रांसफार्मर भी जल गया है. इसके कारण पूरे गांव की बिजली आपूर्ति बाधित हो गयी है.

नल-जल से लेकर मोबाइल नेटवर्क तक प्रभावित

बिजली नहीं रहने से घरों में लगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बंद पड़े हैं. नल-जल योजना का वाटर मोटर, मोबाइल, लैपटॉप, कंप्यूटर और सीसीटीवी कैमरे काम नहीं कर रहे हैं. वहीं, जियो और वोडाफोन के टावर भी बिजली के अभाव में प्रभावित हैं.

छोटे बच्चे और बुजुर्ग बीते दो रातों से गर्मी और अंधेरे में रहने को मजबूर हैं. बीमार लोगों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. ज्यादातर लोगों के मोबाइल डिस्चार्ज हो चुके हैं और इन्वर्टर भी जवाब दे चुके हैं, जिससे वे अपने परिजनों से संपर्क तक नहीं कर पा रहे हैं.

शनिवार या रविवार तक बहाल होगी बिजली

बिजली विभाग के जेई विमल कुमार साहा ने बताया कि कब्रिस्तान के पास लगा ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई है. नया ट्रांसफार्मर लगाने की प्रक्रिया तेज कर दी गयी है.

हालांकि, दो दिन बीत जाने के बाद भी नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध नहीं हो सका है. विभाग के अनुसार ट्रांसफार्मर उपलब्ध होने के बाद उसे चार्ज करने की प्रक्रिया पूरी की जायेगी. इसके बाद ही शनिवार या रविवार तक बिजली आपूर्ति बहाल होने की संभावना है.

इधर, 48 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप रहने से ग्रामीणों में जनप्रतिनिधियों और बिजली विभाग के प्रति भारी आक्रोश है. लोगों का कहना है कि कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मर की जगह समय रहते अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाया जाता तो बार-बार बिजली संकट की स्थिति नहीं बनती.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By शकील बेग

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >