दाखिल-खारिज, जमाबंदी व परिमार्जन में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं : डीएम

नवपदस्थापित डीएम श्रीकांत शास्त्री पदभार ग्रहण करने के बाद पूरे एक्शन मोड में दिख रहे हैं और जिला के लेकर प्रखंड तक सभी विभागों के पदाधिकारी के साथ कार्य समीक्षा कर रहे हैं.

तेघड़ा. नवपदस्थापित डीएम श्रीकांत शास्त्री पदभार ग्रहण करने के बाद पूरे एक्शन मोड में दिख रहे हैं और जिला के लेकर प्रखंड तक सभी विभागों के पदाधिकारी के साथ कार्य समीक्षा कर रहे हैं. इस दौरान शनिवार की सुबह शीतलहर और घना कोहरा के बीच डीएम तेघड़ा प्रखंड कार्यालय पहुंचे. जहां डीएम बेगूसराय की अध्यक्षता में सभी विभाग के प्रखंड पदाधिकारियों के साथ विभागों की कार्य प्रगति, लंबित मामलों तथा जन शिकायतों की बारी-बारी से समीक्षा की गई. बैठक में एसडीओ तेघड़ा राकेश कुमार, विधायक, विभिन्न पंचायत एवं नगर परिषद के जनप्रतिनिधि, वकील संघ के प्रतिनिधि तथा आम नागरिक भी उपस्थित थे. बैठक के दौरान दाखिल-खारिज एवं जमाबंदी से संबंधित मामलों में अत्यधिक विलंब का मुद्दा वकील संघ द्वारा प्रमुखता से उठाया गया. इस पर जिला पदाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट शब्दों में कहा कि दाखिल-खारिज, जमाबंदी एवं परिमार्जन जैसे कार्यों में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं की जाएगी. परिमार्जन प्लस में 21 मामलों के लंबित रहने पर जिला पदाधिकारी ने खेद व्यक्त किया और अविलंब निष्पादन का निर्देश दिया. लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के कनीय अभियंता को मेंटेनेंस में लापरवाही को लेकर फटकार लगाई गई तथा पेयजल आपूर्ति को नियमित और सुचारु रखने का निर्देश दिया. विद्युत विभाग को स्कूलों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में विद्युत कनेक्शन नहीं होने पर कड़ी फटकार लगाई गई. बैठक में यह भी सामने आया कि प्रखंड में सर्वाधिक शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित हैं. इस पर जिला पदाधिकारी ने सभी राजस्व कर्मचारियों को सक्रिय रहते हुए बिना विलंब किये कार्य निष्पादन का निर्देश दिया.

जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की समस्या से डीएम को कराया अवगत

तेघड़ा प्रखंड कार्यालय में डीएम बेगूसराय के निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान निपानिया मथुरापुर पंचायत के मुखिया चंद्रभूषण प्रसाद सिंह ने दियारा क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति नहीं होने की शिकायत की तथा प्रखंड अंतर्गत सभी विद्यालयों में चारदीवारी निर्माण का मुद्दा उठाया.वहीं बरौनी तीन पंचायत के मुखिया अमलेश कुमार राय ने बोरिंग हो जाने के बावजूद खेतों तक बिजली नहीं पहुंचने की समस्या, अयोध्या घाट तक जाने के लिए लगभग 1 किलोमीटर सड़क निर्माण की आवश्यकता का मामला उठाया. जिस पर डीएम बेगूसराय ने ग्रामीण कार्य विभाग को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया. बैठक में आपदा के कारण मृत्यु पर मिलने वाली अनुदान राशि के भुगतान में हो रहे विलंब का मुद्दा भी उठा. पंचायत के ग्राम पंचायत प्रतिनिधि पप्पू यादव द्वारा शिक्षा विभाग में स्मार्ट क्लास के सुचारु संचालन का विषय उठाया. उक्त सभी मामलों में उपस्थित पदाधिकारी को डीएम बेगूसराय ने अविलंब समस्या समाधान को निर्देश दिया. वहीं कार्यक्रम को संबोधित करते है डीएम बेगूसराय ने कहा कि सबका सम्मान, जीवन आसान प्रशासन का मूल मंत्र है. सभी विभागों का दायित्व है कि जनता के कार्य सम्मानपूर्वक, पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से किए जाएं. उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के साथ-साथ जन समस्याओं का त्वरित समाधान ही प्रशासन की प्राथमिकता है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MANISH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >