बेगूसराय के तेघड़ा में बाढ़ के पानी में मिला अज्ञात युवती का शव, 8 दिन में दूसरी घटना से सनसनी

बेगूसराय जिले के तेघड़ा थानाक्षेत्र में बाढ़ के पानी में एक अज्ञात युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई है. यह लगातार दूसरी ऐसी घटना है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है.

बेगूसराय जिले के तेघड़ा थानाक्षेत्र के पीढौली पंचायत अंतर्गत डिहबार बाबाथान घाट में बाढ़ के पानी में तैरता एक अज्ञात युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है. जानकारी के मुताबिक मंगलवार की अहले सुबह गांव के युवक विभिन्न परीक्षा में शारीरिक दक्षता की तैयारी के लिए प्रतिदिन की तरह दौड़ने के क्रम में पीढौली पंचायत अंतर्गत डिहबार बाबाथान घाट रिंग बांध के पास पहुंचे थे. इसी दौरान उन्होंने बाढ़ के पानी में उबलता हुआ एक अज्ञात युवती का शव देखा.

घटनास्थल जमा लोगों की भीड़ एवं जांच करते पुलिस पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network

ग्रामीणों द्वारा सूचना और पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना ग्रामीण युवकों ने पंचायत के मुखिया को दी. मुखिया के द्वारा अज्ञात युवती का शव मिलने की जानकारी तेघड़ा थानाध्यक्ष क्रांति रमन को दी गई.

लोगों ने मंगलवार की सुबह लगभग साढ़े छह बजे शव देखा था. शव को देखने से ऐसा प्रतीत हो रहा था कि घटना लगभग तीन-चार दिन पहले की है और अज्ञात युवती बाढ़ के पानी में बहकर यहां आई है. पानी घटने के बाद लोगों को शव दिखाई दिया.

पुलिस बल की मौजूदगी और पोस्टमार्टम

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई. वहीं घटना की सूचना मिलने पर तेघड़ा थाना के पुलिस पदाधिकारी मुकेश पाठक एवं महिला पुलिस पदाधिकारी अनिता कुमारी घटनास्थल पर पहुंचे.

उन्होंने पूरे मामले की छानबीन शुरू की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया. फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी है. मृतका चेक फुल शर्ट और जींस पैंट पहने हुए है तथा कमर में स्टॉल भी लपेटा हुआ है.

कुछ दिन पहले भी मिला था एक अन्य शव

अज्ञात युवती का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है. लोगों के बीच चर्चा है कि विगत एक सप्ताह पूर्व थानाक्षेत्र के आधारपुर पंचायत अंतर्गत बिनलपुर में भी एक अज्ञात युवती का शव मिला था, जिसकी भी अभी तक पहचान नहीं हो सकी है.

यह दूसरी घटना है और तेघड़ा थाना पुलिस अभी तक अज्ञात शवों की पहचान नहीं कर पाई है. शव की पहचान होने तक उसे सदर अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखा जाएगा.

पुलिस जांच और स्थानीय चर्चाएं

तेघड़ा थानाक्षेत्र में अज्ञात युवती का लगातार दूसरा शव मिलने से इलाके में दहशत का माहौल है. लोगों के बीच चर्चा है कि इस प्रकार की घटना तेघड़ा थानाक्षेत्र में ही क्यों हो रही है. क्या कोई साइको किलर इस प्रकार की घटना को अंजाम देकर सुनसान इलाका देखकर शव फेंक रहा है या फिर मामला कुछ और है, यह पुलिस जांच और कार्रवाई का विषय है.

माहौल कुछ भी हो, फिलहाल 07 सितंबर को तेघड़ा थानाक्षेत्र अंतर्गत आधारपुर पंचायत के बिनलपुर तिनमुहानी गुप्ता लखमिनियां बांध के पास गड्ढे में लगभग 25 वर्षीय अज्ञात युवती का शव बरामद हुआ था.

इसके घटना के नौवें दिन यानी 15 सितंबर को पिढ़ौली पंचायत के डिहबार बाबाथान घाट रिंग बांध के पास बाढ़ के पानी में लगभग 20 वर्षीय अज्ञात युवती का दूसरा शव मिलने से इलाके में विभिन्न प्रकार की चर्चाएं हैं. लोगों के बीच यह भी चर्चा है कि अपराधियों के लिए कहीं तेघड़ा थानाक्षेत्र का यह इलाका सेफ जोन तो नहीं बनता जा रहा है.

पूरे मामले को लेकर तेघड़ा डीएसपी कृष्ण कुमार के नेतृत्व में छानबीन की जा रही है और पुलिस घटना के सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By नीरज कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >