Begusarai NewsL बेगूसराय जिले के बछवाड़ा थाना क्षेत्र के रानी दो पंचायत अंतर्गत बेगमसराय गांव में रविवार की देर रात बिजली ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी के कारण एक फूस की दुकान में भीषण आग लग गई. इस अगलगी में दुकान के भीतर रखा हजारों रुपये मूल्य का सारा सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया. घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में विद्युत विभाग की लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है.
बिजली काटने से इनकार का आरोप, वीडियो मांगने में बीता समय
ग्रामीण महाराज साह और संजय कुमार सहित अन्य लोगों ने बताया कि बेगमसराय चौक के समीप लगे ट्रांसफार्मर से अचानक तेज लपटें निकलने लगीं. ग्रामीणों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए तुरंत स्थानीय विद्युत सब-स्टेशन को फोन कर बिजली आपूर्ति बंद करने की गुहार लगाई. ग्रामीणों का गंभीर आरोप है कि तैनात कर्मी ने रात का समय होने का हवाला देते हुए बिजली काटने से इनकार कर दिया और पहले आग लगने का वीडियो बनाकर भेजने को कहा.
केवल तार से दुकान तक पहुंची आग, दमकल की दो गाड़ियों ने पाया काबू
बिजली चालू रहने के कारण आग की लपटें ऊपर से गुजर रहे केबल तारों तक फैल गईं और केबल से गिरी चिंगारी के कारण पास की फूस दुकान ने भी आग पकड़ ली. देखते ही देखते पूरी दुकान आग की चपेट में आ गई. घटना की सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने ग्रामीणों की मदद से लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
दुकानदार के समक्ष आजीविका का संकट, मुआवजे की मांग
इस हादसे में पीड़ित दुकानदार सुबोध सहनी की फूस की दुकान में रखा मछली, मुर्गा और रजाई बनाने का लगभग 50 हजार रुपये का सामान जलकर राख हो गया. पीड़ित परिवार के सामने अब जीवन-यापन का संकट खड़ा हो गया है. सुबोध सहनी ने विद्युत विभाग की लापरवाही के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए प्रशासन और विभाग से उचित मुआवजे की मांग की है.
