मजदूरों ने अपनी मांगों को लेकर किया धरना-प्रदर्शन

आइओसीएल बरौनी में कार्यरत मजदूरों ने ठेकेदारी के विरोध में व अपनी मांगों के समर्थन में एक दिवसीय सांकेतिक धरना प्रदर्शन गेट के बाहर किया.

बीहट. आइओसीएल बरौनी में कार्यरत मजदूरों ने ठेकेदारी के विरोध में व अपनी मांगों के समर्थन में एक दिवसीय सांकेतिक धरना प्रदर्शन गेट के बाहर किया. प्रदर्शनकारी मजदूरों का आरोप है कि प्रतिष्ठान के अंदर काम करने वाले ठेकेदार सरकारी नियमों को ताक पर रखकर उनका शोषण कर रहे हैं. प्रदर्शन के दौरान उस समय स्थिति और तनावपूर्ण हो गई जब आक्रोशित मजदूरों ने स्थानीय सांसद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. मजदूरों का आरोप है कि क्षेत्र का प्रतिनिधि होने के बावजूद उन्होंने उनकी सुध नहीं ली. इतना ही नहीं, प्रदर्शनकारियों ने अपने ही नेतृत्व यानी मजदूर संघ पर भी गंभीर आरोप लगाये. उनका आरोप है कि यूनियन अब मजदूरों के हक की लड़ाई लड़ने के बजाय कंपनी के इशारों पर काम कर रही है,जिसके कारण उन्हें बुनियादी सुविधाओं के लिए भी सड़क पर उतरना पड़ रहा है. बुनियादी सुविधाओं और सुरक्षा का अभाव प्रदर्शन कर रहे मजदूरों ने बैनर और पोस्टरों के जरिए अपनी व्यथा व्यक्त की. उनका कहना है कि औद्योगिक क्षेत्र होने के बावजूद उन्हें कार्यस्थल पर न्यूनतम बुनियादी सुविधाएं तक नसीब नहीं हैं. मजदूरों ने विशेष रूप से मजदूरों को सरकारी नियमों और निर्धारित न्यूनतम मजदूरी के अनुसार भुगतान सुनिश्चित करने,कार्य स्थल पर मजदूरों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके. तथा प्रतिष्ठान के अंदर मजदूरों के बैठने के लिए लेबर शेड,स्वच्छ शौचालय और शुद्ध पेयजल की तत्काल व्यवस्था किये जाने की मांग रखी. इसके अलावे किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्लांट के अंदर एक प्राथमिक उपचार केंद्र की स्थापना करने की बात कही. धरना प्रदर्शन के दौरान मजदूरों ने कहा कि कंपनी और ठेकेदारों का रवैया लगातार मनमाना होता जा रहा है. उन्होंने चेतावनी दी है कि यह प्रदर्शन अभी सांकेतिक है, यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया और कार्य स्थितियों में सुधार नहीं हुआ,तो वे भविष्य में अनिश्चितकालीन हड़ताल और उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे. समाचार प्रेषण तक सदर एसडीओ अनिल कुमार,बरौनी सदर एसडीपीओ-2 पंकज कुमार, मटिहानी विधायक नरेंद्र कुमार सिंह उर्फ बोगो सिंह, बरौनी बीडीओ अनुरंजन कुमार, कारखाना प्रबंधन और मजदूर प्रतिनिधिमंडल के बीच गतिरोध दूर करने को लेकर वार्ता चल रही थी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMLESH PRASAD

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >