मटिहानी/बरौनी . मटिहानी थाना क्षेत्र अंतर्गत शंकरपुर बखड्डा गांव के समीप सड़क दुर्घटना में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गयी. मृतक की पहचान गढ़हारा थाना क्षेत्र के बरौनी रजवाड़ा गांव निवासी संतोष सिंह के 25 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार दीपक कुमार मोटरसाइकिल से नयागांव की ओर जा रहा था. इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गयी. हादसा इतना भीषण था कि दीपक की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. मटिहानी थाना अध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मटिहानी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया.
डेढ़ साल पहले हुई थी मृत युवक की शादी
जानकारों के मुताबिक मृतक की शादी मटिहानी थानाक्षेत्र में लगभग डेढ़ साल पहले हुई थी और वह देर रात अपनी ससुराल पत्नी से मिलकर राजवाड़ा अपने घर आ रहा था. उसी दौरान यह हादसा हुआ. स्थानीय पार्षद दीपक मिश्र ने बताया कि मृतक युवक की मां की मौत पहला ही हो चुकी है. मृतक का पिता हैदराबाद में रहकर मजदूरी करता है और मृतक युवक अपने घर का एकलौता चिराग था. उसकी एक बहन भी है जिसकी शादी हो चुकी है. युवक इ- रिक्शा चलाकर अपना जीविकोपार्जन करता था. घटना के वक्त उसके घर में कोई नहीं थे. मृतक के पिता हैदराबाद में हैं. जिन्हें घटना की सूचना दे दी गई है. और मृतक की पत्नी मायके में है. इधर हादसे के बाद पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है. मृतक के घर पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर सांत्वना दिया.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.