गंगा स्नान से लौट रहे श्रद्धालुओं का ऑटो बेगूसराय NH-28 पर पलटा, चालक समेत सात लोग घायल

बेगूसराय जिले में एनएच-28 पर बुधवार को एक ऑटो के अनियंत्रित होकर पलट जाने से चालक समेत सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से दो महिलाओं को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है.

Bachhwara Auto Accident : बेगूसराय जिले के बछवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत गोविंदपुर तीन पंचायत के आलमपुर सूरो गांव के समीप बुधवार को एनएच-28 पर एक ऑटो पलट जाने से चालक समेत सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछवाड़ा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो महिलाओं को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय रेफर कर दिया गया.

Begusarai News : बंदर सामने आने से हुआ हादसा

घायलों ने बताया कि सभी लोग दरभंगा जिले के रहने वाले हैं और सिमरिया गंगा घाट से स्नान कर ऑटो से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान आलमपुर सूरो गांव के समीप अचानक एक बंदर ऑटो के सामने आ गया. उसे बचाने के प्रयास में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसे में चालक समेत सभी सवार घायल हो गए.

चालक समेत सात लोग हुए घायल

घायलों की पहचान ऑटो चालक दरभंगा जिले के मब्बी थाना क्षेत्र निवासी सिकंदर पासवान के अलावा दरभंगा टावर चौक निवासी रश्मि रेखा देवी, सुशीला देवी, सत्या देवी, गीता देवी, शैल देवी और रीता देवी के रूप में हुई है. सभी घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया.

दो महिलाओं को सदर अस्पताल किया गया रेफर

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछवाड़ा के चिकित्सक डॉ. राज कमल ने बताया कि घायल सत्या देवी और सुशीला देवी की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल रेफर किया गया है. जबकि अन्य पांच घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है और उनका उपचार जारी है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By डबलू कुमार

डबलू कुमार प्रिंट माध्यम में 10 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अकबरनगर (भागलपुर) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >