Begusarai News : बेगूसराय जिले के वीरपुर गांव में आयोजित होने वाले श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मेला की तैयारियां शुरू हो गई हैं. इस वर्ष जन प्रेरणा समिति की ओर से मुख्य पूजा पंडाल का निर्माण जगन्नाथ पुरी मंदिर की तर्ज पर कराया जाएगा. इसे लेकर जन प्रेरणा समिति की बैठक अध्यक्ष अमित कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई.
आकर्षक सजावट और बेहतर व्यवस्था पर जोर
बैठक में मेला परिसर को आकर्षक ढंग से सजाने, भव्य प्रतिमा एवं तोरण द्वार के निर्माण तथा श्रद्धालुओं के लिए बेहतर प्रकाश और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई. समिति ने इस बार मेले को पहले से अधिक भव्य और व्यवस्थित बनाने का निर्णय लिया.
चार से पांच दिनों तक लगता है भव्य मेला
वीरपुर गांव में करीब एक किलोमीटर के दायरे में तीन अलग-अलग स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमाएं स्थापित कर धूमधाम से जन्मोत्सव मनाया जाता है. इस अवसर पर चार से पांच दिनों तक भव्य मेले का आयोजन होता है, जिसमें बेगूसराय सहित आसपास के कई जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं.
पिछले वर्ष बना था केदारनाथ धाम की तर्ज पर पंडाल
समिति के सदस्यों ने बताया कि पिछले वर्ष मुख्य पूजा पंडाल का निर्माण केदारनाथ धाम की तर्ज पर किया गया था, जिसे श्रद्धालुओं ने काफी सराहा था. इस वर्ष जगन्नाथ पुरी मंदिर की तर्ज पर तैयार होने वाला पंडाल श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगा. बैठक में राजेश कुमार, विकास कुमार, विजय महतो, सौरव कुमार सहित जन प्रेरणा समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे.
