Begusarai News: बखरी प्रखंड की घाघरा पंचायत अंतर्गत सिमरी गांव में रविवार को बिजली विभाग की लापरवाही एक बड़े हादसे का कारण बनते-बनते रह गई . महावीर मंदिर के समीप गुज्जू भगत के घर के पास स्थित बिजली के पोल में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई . देखते ही देखते पोल से तेज चिंगारियां निकलने लगीं और बिजली का तार टूटकर नीचे गिर गया . एहतियात के तौर पर संबंधित ट्रांसफॉर्मर की बिजली आपूर्ति तत्काल बंद कर दी गई, जिससे इलाके में कई घंटों तक बिजली गुल रही .
झोपड़ियों के पास हुई घटना, टला बड़ा हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जिस पोल में आग लगी, उसके ठीक नीचे गुज्जू भगत की दो झोपड़ीनुमा घर हैं, जहां उनका परिवार रहता है और मवेशी भी बंधे हुए थे . हाल की बारिश के कारण झोपड़ियां भीगी हुई थीं, जिससे आग उन तक नहीं पहुंच सकी . ग्रामीणों का कहना है कि यदि यह घटना गर्मी के मौसम में होती तो झोपड़ियों में आग लगने से बड़ा हादसा हो सकता था .
सूचना मिलते ही पहुंची बिजली विभाग की टीम
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया और बिजली विभाग को सूचना दी . सूचना मिलते ही लाइनमैन राजेश कुमार मौके पर पहुंचे और ट्रांसफॉर्मर से बिजली आपूर्ति बंद कराकर क्षतिग्रस्त तार की मरम्मत का कार्य शुरू कराया .
विभाग की कार्यशैली पर ग्रामीणों का आक्रोश
घटना के बाद स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता सतनारायण तांती, गणेश ठाकुर, रामप्रवेश तांती, गुज्जू भगत, शंकर ठाकुर सहित अन्य ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताई . उनका आरोप है कि हल्की बारिश होते ही बिजली काट दी जाती है और कई स्थानों पर पोल से लगातार चिंगारियां निकलती रहती हैं . शिकायत करने पर भी विभागीय अधिकारी फोन तक नहीं उठाते, जिससे लोगों में आक्रोश है .
क्षतिग्रस्त तार बदलने का कार्य जारी
ग्रामीणों ने कहा कि रविवार की घटना दिन के समय हुई, इसलिए बड़ा हादसा टल गया . यदि यही घटना रात में या अधिक भीड़भाड़ के समय होती तो जान-माल का भारी नुकसान हो सकता था . फिलहाल बिजली विभाग की टीम क्षतिग्रस्त तार बदलकर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुटी हुई है .
इसे भी पढ़ें: बंटी यादव मर्डर केस: पीड़ित परिवार से मिले खेसारी लाल यादव, बोले- पुलिस असली तस्करों को नहीं पकड़ पाती
