Begusarai News : तेघड़ा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय, ओझा टोल, बरौनी-दो पंचायत में अज्ञात चोरों ने विद्यालय के कार्यालय समेत अन्य कमरों के ताले तोड़कर बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया. चोरों ने गोदरेज और लॉकर को क्षतिग्रस्त कर उसमें रखी नकदी, लैपटॉप, शैक्षणिक सामग्री और जरूरी दस्तावेज चोरी कर लिये. घटना के बाद विद्यालय प्रशासन और शिक्षा जगत में हड़कंप मच गया है. वहीं, विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं.
रात में ताले तोड़कर विद्यालय में घुसे चोर
जानकारी के अनुसार, 19 अगस्त की रात विद्यालय परिसर में चोरी की घटना हुई. चोरों ने सुनियोजित तरीके से विद्यालय के कार्यालय कक्ष सहित अन्य कमरों के ताले तोड़ दिये. रात में हुई इस घटना की जानकारी किसी को नहीं हो सकी. बुधवार सुबह विद्यालय की साफ-सफाई करने वाली कर्मी जब परिसर पहुंची तो कमरों के ताले टूटे हुए और सामान बिखरा हुआ देखा. इसके बाद उन्होंने तत्काल प्रभारी प्रधानाध्यापक को फोन कर घटना की सूचना दी. सूचना मिलते ही प्रभारी प्रधानाध्यापक विद्यालय पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली.
लैपटॉप, छह हजार रुपये और जरूरी दस्तावेज चोरी
विद्यालय पहुंचने पर कार्यालय कक्ष का ताला टूटा मिला. अंदर रखे दो गोदरेज और उनके लॉकर भी क्षतिग्रस्त थे. प्रारंभिक जांच में पता चला कि चोर प्रभारी प्रधानाध्यापक का व्यक्तिगत लैपटॉप और उसका चार्जर, लॉकर में रखे करीब छह हजार रुपये नकद, बच्चों के लिए विभागीय स्तर से उपलब्ध करायी गयी टीएलएम और अन्य शैक्षणिक सामग्री चोरी कर ले गये. इसके अलावा कुछ महत्वपूर्ण विद्यालयीय रजिस्टर और अन्य जरूरी दस्तावेज भी गायब मिले. घटना के बाद विद्यालय प्रशासन की ओर से चोरी गये सामान की जानकारी जुटायी जा रही है.
Also Read : गंगा के बढ़ते जलस्तर से किसानों की बढ़ी चिंता, बेगूसराय के निचले इलाकों में फैलने लगा बाढ़ का पानी
पंखे और बल्ब भी खोल ले गये चोर
चोरों ने विद्यालय की कक्षाओं में लगे विद्युत पंखों और बल्बों को भी नहीं छोड़ा. जांच के दौरान एक कक्षा से चार और दूसरी कक्षा से एक पंखा गायब पाया गया. इससे आशंका जतायी जा रही है कि चोरों ने विद्यालय के विभिन्न कमरों में काफी देर तक रहकर सामान खंगाला.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही प्रभारी प्रधानाध्यापक ने डायल-112 पुलिस टीम को सूचना दी. सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का प्रारंभिक निरीक्षण किया. इसके बाद तेघड़ा थाना की पुलिस टीम भी विद्यालय पहुंची और पूरे परिसर का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाये. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. अज्ञात चोरों की पहचान के लिए पुलिस आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटा रही है. घटना के बाद विद्यालय प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता जतायी है.
Also Read : बेगूसराय में पांच दिन से लापता आठ वर्षीय बच्चे का गड्ढे में मिला शव, गांव में मची सनसनी
