Begusarai News : सागी पंचायत के सागीडिह गांव निवासी स्मृतिशेष कातिब ललित कुमार निराला के असामयिक निधन के बाद शनिवार की शाम उनके पैतृक आवास पर साधु-संतों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का आयोजन सागी पंचायत की पूर्व मुखिया अनिता देवी के नेतृत्व में उनके परिजनों की ओर से किया गया. इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे करीब 101 साधु-महात्माओं का परिजनों ने श्रद्धापूर्वक स्वागत किया.
साधु-संतों को भोजन के साथ वस्त्र और मिठाई भेंट
भंडारे में साधु-संतों को श्रद्धापूर्वक भोजन कराया गया. इसके साथ ही उन्हें नये वस्त्र, मिठाई और आम के पौधे भी भेंट किए गए. संतों को आम के पौधे भेंट करना कार्यक्रम का खास आकर्षण रहा. पर्यावरण संरक्षण को लेकर की गई इस पहल की लोगों ने सराहना की और यह चर्चा का विषय बनी रही.
परिजनों ने अपने हाथों से भेंट किए आम के पौधे
कार्यक्रम में सांख गांव के महंत नारायण दास, गोविंदपुर के हीरा दास व सीताराम दास, सहियार के दुनीलाल दास, चलकी के रामलखन दास, मालपुर के केशव दास तथा खोरी गांव के कृष्ण वल्लभ साहू सहित बड़ी संख्या में साधु-महात्मा शामिल हुए. स्मृतिशेष ललित कुमार निराला के भाई केसरी कुमार साहू, डॉ. कुंवर सिंह, पुत्र पंकज कुमार, कालीकांत गुप्ता, कातिब विक्रम कुमार, मुकेश कुमार और पुत्री ज्योति कुमारी सहित अन्य परिजनों ने अपने हाथों से साधु-संतों को आम के पौधे भेंट किए.
पौधरोपण और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
आम के पौधों के वितरण के माध्यम से कार्यक्रम में पौधरोपण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया. आयोजकों ने कहा कि साधु-संतों के सम्मान और सेवा के साथ पर्यावरण संरक्षण को जोड़कर समाज में सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया गया है.
इलाज के दौरान कोलकाता में हुआ था निधन
बताते चलें कि सागी पंचायत की पूर्व मुखिया अनिता देवी के पति एवं रोसड़ा निबंधन कार्यालय में वरिष्ठ कातिब के रूप में कार्यरत ललित कुमार निराला का इलाज के दौरान कोलकाता में असामयिक निधन हो गया था. उनके निधन के बाद आयोजित इस कार्यक्रम में श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ साधु-संतों के सम्मान और सेवा की परंपरा को निभाया गया.
Also Read : सूखे नशे के खिलाफ चेरियाबरियारपुर में जागरूकता रैली, युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश
