बेगूसराय में RJD प्रखंड अध्यक्ष का ऑडियो, महिला से संबंध बनाने का दबाव और धमकी के आरोप; पार्टी ने गठित की जांच टीम

बेगूसराय के चेरिया बरियारपुर प्रखंड के मुखिया सुरेंद्र राम पर एक महिला के साथ आपत्तिजनक व्यवहार और संबंध बनाने के लिए दबाव डालने के गंभीर आरोप लगे हैं. सोशल मीडिया पर 8 ऑडियो क्लिप और एक वीडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है. इन आरोपों के मद्देनजर, राजद ने मामले की जांच के लिए एक टीम गठित की है.

बेगूसराय के चेरिया बरियारपुर प्रखंड की सकरवासा पंचायत में राजद प्रखंड अध्यक्ष सह मुखिया सुरेंद्र राम उर्फ सुलो राम को लेकर विवाद गहरा गया है. एक महिला के साथ कथित आपत्तिजनक व्यवहार, शारीरिक संबंध बनाने का दबाव और धमकी देने से जुड़े बताए जा रहे 8 ऑडियो क्लिप और एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. वायरल सामग्री सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है.

हालांकि वायरल ऑडियो-वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और प्रभात खबर भी इसकी पुष्टि नहीं करता है. मामले में सामने आ रहे आरोपों की आधिकारिक जांच का इंतजार है.

15 दिन पहले आपत्तिजनक स्थिति में पकड़े जाने का दावा

ग्रामीणों के अनुसार, करीब 15 दिन पूर्व मुखिया को गांव की ही एक महिला के साथ कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया था. इस दौरान ग्रामीणों द्वारा उसके साथ मारपीट किए जाने की बात भी सामने आ रही है.

ग्रामीणों का दावा है कि घटना के बाद मुखिया के राजनीतिक प्रभाव और दबंग छवि के कारण पुलिस में तत्काल शिकायत नहीं की गई. बताया जा रहा है कि महिला का पति रोजगार के सिलसिले में बाहर रहता है. महिला किसी व्यक्तिगत काम से मुखिया के पास गई थी. इसी दौरान कथित तौर पर उसका मोबाइल नंबर मुखिया के पास पहुंचा, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत होने लगी.

आरोप है कि बाद में मुखिया महिला पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने लगा. महिला के विरोध करने पर उसे कथित तौर पर धमकी दी गई.

अस्पताल के बिल को लेकर बातचीत का भी दावा

सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो क्लिप में महिला और एक पुरुष के बीच बातचीत होने का दावा किया जा रहा है. इसमें कथित तौर पर शारीरिक संबंध बनाने को लेकर दबाव और बातचीत सामने आने की बात कही जा रही है.

मामले से जुड़े बताए जा रहे एक ऑडियो में महिला की बेटी के इलाज के दौरान अस्पताल का बिल कम कराने के बदले कथित तौर पर शारीरिक संबंध बनाने की बात कही गई है. वायरल बातचीत में 70 हजार रुपये के अस्पताल बिल को 40 हजार रुपये कराने की बात का भी दावा किया जा रहा है.

हालांकि इस ऑडियो की आवाज, बातचीत और वायरल सामग्री की वास्तविकता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

राजद ने गठित की जांच टीम

घटना से जुड़े बताए जा रहे 8 ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. इनको लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं. वहीं, मामले में अब तक पुलिस स्तर पर क्या कार्रवाई हुई है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. ऐसे में वायरल सामग्री की सत्यता की जांच अहम मानी जा रही है.

आरोपी साकारबासा पंचायत के मुखिया सुरेंद्र राम की फोटो

इधर, राजद जिलाध्यक्ष मोहित यादव ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और ऑडियो क्लिप पार्टी के संज्ञान में आए हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए पार्टी ने जांच टीम गठित कर दी है. टीम मौके पर जाकर पूरे मामले की पड़ताल करेगी और अपनी रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को सौंपेगी.

उन्होंने कहा कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर पार्टी नेतृत्व की ओर से कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

फिलहाल पूरे मामले में वायरल ऑडियो-वीडियो की सत्यता, महिला की ओर से लगाए गए आरोप और घटना की वास्तविक परिस्थितियों की आधिकारिक जांच का इंतजार है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विकास कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >