Begusarai News : ग्रामीण क्षेत्रों के मेधावी छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से मटिहानी प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, नायगांव सिंहपुर में राष्ट्रीय आय सह मेधा छात्रवृत्ति (NMMS) परीक्षा की विशेष तैयारी कक्षाओं का शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के सचिव डॉ. पंकज कुमार सिंह और विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजीव कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.
छात्रों को मेहनत और लगन से पढ़ाई करने की दी प्रेरणा
मुख्य अतिथि डॉ. पंकज कुमार सिंह ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रतिभा किसी सुविधा की मोहताज नहीं होती. उन्होंने छात्रों से शिक्षा के प्रति समर्पित रहने और राष्ट्रीय स्तर की छात्रवृत्ति परीक्षा में सफलता हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत करने का आह्वान किया.
NMMS योजना से आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को मिलेगा लाभ
विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजीव कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय आय सह मेधा छात्रवृत्ति (NMMS) शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार की महत्वपूर्ण योजना है. इसके तहत कक्षा 8 में अध्ययनरत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों का चयन किया जाता है, ताकि वे कक्षा 9 से 12 तक की पढ़ाई बिना आर्थिक परेशानी के पूरी कर सकें.
विद्यालय का लक्ष्य अधिक से अधिक छात्रों को दिलाना सफलता
प्रधानाध्यापक ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इस परीक्षा में सफल बनाना है, ताकि वे छात्रवृत्ति का लाभ उठाकर अपनी पढ़ाई जारी रख सकें और बेगूसराय जिले का नाम रोशन करें.
परीक्षा पैटर्न और सफलता के टिप्स भी दिए गए
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों को परीक्षा के पैटर्न, प्रश्नों की प्रकृति और तैयारी की रणनीति के बारे में विस्तार से जानकारी दी. साथ ही नियमित अभ्यास और अनुशासित अध्ययन की सलाह दी गई.
शिक्षक, अभिभावक और छात्र रहे मौजूद
इस अवसर पर शिक्षिका संयोगिता कुमारी, जयमाला कुमारी, बिंदा कुमारी, अमीषा झा तथा शिक्षक रिक्की कुमार, साकेत कुमार, प्रीतम, श्रीराम सहित विद्यालय के सभी शिक्षक, कक्षा 8 के विद्यार्थी और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे.
