बरौनी NH-28 पर तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार मारी टक्कर,दो युवकों की हालत गंभीर

बेगूसराय के एनएच-28 पर तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। घायलों को सदर अस्पताल रेफर किया गया है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Begusarai Accident : बेगूसराय जिले के बरौनी थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां एनएच-28 पर मोती चौक के पास तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और सड़क पर ही तड़पते रह गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पिकअप वाहन WB-37E-5164 तेघड़ा की ओर से जीरो माइल की तरफ जा रही थी. इसी दौरान बाइक सवार युवक एनएच-28 पार कर रहे थे. तभी तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से जख्मी हो गए.

मौके पर मची अफरा-तफरी, पुलिस ने दिखाई तत्परता

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. लोगों ने इसकी सूचना बरौनी थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही बरौनी थानाध्यक्ष विकास कुमार रंजन के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची. टीम में एसआई आलोक कुमार, एसआई मोहन सिंह, एएसआई पंकज सिंह सहित गश्ती दल के जवान शामिल थे.

पुलिस ने बिना देर किए दोनों घायलों को उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरौनी पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक इलाज शुरू किया गया. इस दौरान स्थिति को संभालने में पुलिस की तत्परता देखने को मिली.

गंभीर हालत में सदर अस्पताल रेफर

घायलों की पहचान हवासपुर निवासी मोहम्मद जावेद और रवि कुमार के रूप में हुई है, जो विश्व महतो के पुत्र बताए जा रहे हैं. जानकारी के अनुसार दोनों युवक पिपरा की ओर से आ रहे थे और एनएच-28 पार करने के दौरान हादसे का शिकार हो गए.

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मैनेजर संजय सिंह ने बताया कि दोनों की हालत गंभीर थी, इसलिए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय रेफर कर दिया गया. डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है.

पुलिस ने वाहन किया जब्त, जांच जारी

हादसे के बाद बरौनी थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन को कब्जे में ले लिया है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है.

इस घटना के बाद एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण जरूरी है, नहीं तो इस तरह की घटनाएं लगातार होती रहेंगी.

फिलहाल दोनों घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है और परिजनों में चिंता का माहौल है. प्रशासन से उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही मामले की जांच पूरी कर जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vikash Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >