बेगूसराय: तेघड़ा में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज प्रताड़ना का आरोप, जांच में जुटी पुलिस

बेगूसराय के तेघड़ा में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका के पिता ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Begusarai News: तेघड़ा थाना क्षेत्र के अंबा पंचायत में रविवार सुबह एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई . घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई . मृतका की पहचान चिल्हाय पंचायत के वार्ड संख्या 12 निवासी अंकुश कुमार की 20 वर्षीय पत्नी सोनी कुमारी के रूप में हुई है . सूचना मिलते ही तेघड़ा थानाध्यक्ष क्रांति रमन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी . पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय भेज दिया .

चार माह पहले हुई थी शादी

मृतका के पिता राम उजागर महतो ने बताया कि उनकी बेटी की शादी 10 मई 2026 को पूरे रीति-रिवाज के साथ की गई थी . शादी में 3.50 लाख रुपये नकद, दो भर सोने के आभूषण और एक होंडा शाइन बाइक उपहार स्वरूप दी गई थी . उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष सोने की चेन और अतिरिक्त रुपये की मांग कर रहा था तथा मांग पूरी नहीं होने पर बेटी को जान से मारने की धमकी दी जाती थी .

पिता से फोन पर लगाई थी गुहार

राम उजागर महतो ने बताया कि करीब 10 दिन पहले सोनी के चाचा ललित कुमार उसकी विदाई कराने गए थे, लेकिन ससुराल वालों ने उन्हें अपमानित कर वापस भेज दिया . रविवार सुबह करीब आठ बजे दामाद अंकुश कुमार ने कॉन्फ्रेंस कॉल के माध्यम से उनकी बेटी से बात कराई . बातचीत के दौरान सोनी ने कहा कि ससुराल वाले चेन और रुपये की मांग कर रहे हैं तथा नहीं देने पर उसे मार देंगे . इसके कुछ देर बाद फोन कट गया . लगभग दो घंटे बाद पड़ोसियों से बेटी की मौत की सूचना मिली .

मायके पक्ष ने जताई हत्या की आशंका

मृतका के पिता ने बताया कि घटनास्थल पर पहुंचने पर उनकी बेटी मृत अवस्था में मिली . उस समय घर में केवल उसकी सास और ननद मौजूद थीं, जबकि अन्य लोग फरार थे . उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है .

पति और ससुर के बाहर होने की बात

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार मृतका का पति अंकुश कुमार और उसके पिता कपिल देव महतो लगभग एक सप्ताह पहले मजदूरी के लिए दूसरे राज्य गए हुए थे .

एफएसएल टीम ने की जांच

तेघड़ा थानाध्यक्ष क्रांति रमन ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई . एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है . उन्होंने बताया कि अभी तक मायके पक्ष की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है . आवेदन मिलने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी . पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी . फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है .

इसे भी पढ़ें: बंटी यादव मर्डर केस: पीड़ित परिवार से मिले खेसारी लाल यादव, बोले- पुलिस असली तस्करों को नहीं पकड़ पाती


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Niraj Kumar

Published by: Vivek Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >