Begusarai News : एनसीसी निदेशालय, बिहार एवं झारखंड, पटना की ओर से दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की ऑल इंडिया थल सैनिक प्रतियोगिता-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के बाद ओटीसी बरौनी की कंटिंजेंट वापस लौटी. इस वर्ष प्रतियोगिता में निदेशालय के कैडेट्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 33 पदक जीते, जिनमें 20 स्वर्ण और 13 रजत पदक शामिल हैं.
इस उपलब्धि के साथ निदेशालय ने नया कीर्तिमान स्थापित किया. ओटीसी बरौनी पहुंचने पर सभी विजेता कैडेट्स का बैंड-बाजे के साथ भव्य स्वागत किया गया.
इस अवसर पर कैंप कमांडेंट कर्नल विकास मंडल, 4 बिहार बटालियन एनसीसी भागलपुर के समादेशी अधिकारी, सिग्नल कंपनी भागलपुर के कर्नल अतुल मेथानी, कर्नल दीपक कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे. इस जीत के पीछे महीनों के कठिन परिश्रम और अधिकारियों का योगदान रहा.
कंटिंजेंट कमांडर लेफ्टिनेंट हेमलता कुमारी, सेकंड ऑफिसर सागर कुमार, सूबेदार प्रवीण कुमार थापा, सूबेदार नरेश, हवलदार गुरुप्यार सिंह, हवलदार निर्मल सिंह और नेहा कुमारी का विशेष योगदान रहा.
ऐतिहासिक सफलता से प्रेरणा
लेफ्टिनेंट कर्नल विकास मंडल ने कहा कि बिहार और झारखंड निदेशालय के कैडेट्स ने साबित कर दिया है कि प्रतिभा और जज्बा हो तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है. यह ऐतिहासिक सफलता आने वाले कैडेट्स के लिए प्रेरणा बनेगी.
कार्यक्रम का समापन सभी विजेता कैडेट्स को मिठाई खिलाकर, मोमेंटो देकर और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देकर किया गया.
बालिका वर्ग के विजेता
थल सैनिक प्रतियोगिता (बालिका वर्ग) में कुल 8 पदक (4 स्वर्ण, 4 रजत) मिले. स्वर्ण पदक विजेताओं में सीडीटी तृप्ति शाक्या, सीजीटी मनीषा कुमारी, यूओ सीमा कुमारी और गौरी कुमारी शामिल हैं. वहीं रजत पदक विजेताओं में सीडीटी माहीश्री, खुशी कुमारी, सृष्टि सिंह और सीजीटी खुशी कुमारी शामिल हैं.
बालक वर्ग के विजेता
बालक वर्ग में कुल 25 पदक मिले. इसमें एसजीटी कुमार आदर्श को स्वर्ण पदक मिला. वहीं सीडीटी धीरज कुमार, सुहर्ष राज, मनीष कुमार भारती, विवेक कुमार, कृष्णा मुरारी प्रजापति, आर्यन राज, यूओ आशुतोष कुमार, अंकित कुमार, एसजीटी विष्णु कुमार, मधुसूदन कुमार, यूरो विश्वजीत हाजम, सीपीएल रिदम पुष्कर, सीडीटी आकाश कुमार, मयंक कुमार, विवेक विश्वकर्मा और सीपीएल आयुष कुमार राय को रजत पदक मिला.
