Begusarai News : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सांख पंचायत के वार्ड संख्या-9 निवासी 35 वर्षीय दूध व्यवसायी विनोद कुमार यादव की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है. मृतक सत्यनारायण यादव के पुत्र थे.
पत्नी बोलीं- पहले भी मिल चुकी थी जान से मारने की धमकी
मृतक की पत्नी प्रियंका देवी ने बताया कि उनके पति लंबे समय से दूध का व्यवसाय करते थे और गोतिया के साथ जमीनी विवाद चल रहा था. उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार उनके घर आकर जान से मारने की धमकी दी गई थी. इस संबंध में उन्होंने मुफस्सिल थाना में आवेदन देकर सुरक्षा की मांग भी की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. उनका कहना है कि प्रशासन की लापरवाही का ही परिणाम है कि आज उनके पति की हत्या हो गई.
दूध लेकर जा रहे थे, रास्ते में अपराधियों ने बरसाईं गोलियां
परिजनों के अनुसार, विनोद कुमार यादव प्रतिदिन की तरह रविवार की शाम करीब 8 बजे बड़ी सांख से दूध लेकर सूजा की ओर जा रहे थे. इसी दौरान सांख और सूजा के बीच चपरिया मोड़ के पास पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें रोक लिया और ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं. गंभीर रूप से घायल विनोद को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पिता अस्पताल में भर्ती, पीछे छूट गए तीन छोटे बच्चे
बताया गया कि मृतक के पिता पिछले 10 दिनों से गंभीर रूप से बीमार हैं और पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं. इसी बीच अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया. विनोद कुमार यादव तीन भाइयों में सबसे छोटे थे. उनके परिवार में पत्नी के अलावा 15 वर्षीय पुत्र कुणाल, 13 वर्षीय पुत्री सुप्रिया और 11 वर्षीय पुत्री शिवानी हैं. घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
हत्या के पीछे कई तरह की चर्चाएं
स्थानीय लोगों के अनुसार, विनोद कुमार यादव मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे. वहीं कुछ लोगों का कहना है कि उन्होंने पूर्व में शराब से जुड़े मामलों में पुलिस को सूचना दी थी. हालांकि, पुलिस ने अभी तक हत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.
पुलिस ने शुरू की जांच, परिजनों ने किया सड़क जाम
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, अपर थानाध्यक्ष रंजीत कुमार, एसआई अजय कुमार, सदर डीएसपी-1 आनंद पांडेय, पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार तथा फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
समझाइश के बाद खुला जाम
हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने रजौरा चौक पर शव रखकर एसएच-55 को जाम कर दिया. सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारियों के साथ सांख पंचायत के मुखिया बबलू सदा, सरपंच मोहम्मद रहमत, रजौरा पंचायत के पूर्व मुखिया सिंटू कुमार, छात्र नेता अमरेश कुमार तथा समाजसेवी कौशल किशोर राय मौके पर पहुंचे. काफी समझाइश और कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम समाप्त कराया गया, जिसके बाद सड़क पर वाहनों का परिचालन सामान्य हो सका.
Also Read : बेगूसराय में दूध लेकर जा रहे युवक की गोली मारकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी
