Begusarai News : मटिहानी प्रखंड मुख्यालय जाने वाले मुख्य मार्ग पर बीआरसी भवन और थाना के समीप शौचालय की टंकियों के टूटे ढक्कन हादसे को न्योता दे रहे हैं. दोनों स्थानों पर टंकी का ढक्कन टूटने से गहरी खाई बन गई है. इससे इस मार्ग से आने-जाने वाले लोगों के साथ कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.
भारी वाहनों की आवाजाही से टूटे टंकी के ढक्कन
स्थानीय लोगों के अनुसार, मटिहानी थाना और बीआरसी भवन के समीप स्थित शौचालय की टंकियों के ढक्कन कई महीनों से टूटे हुए हैं. इस मार्ग से एफसीआई गोदाम तक गेहूं और चावल ले जाने वाली बड़ी-बड़ी गाड़ियों की लगातार आवाजाही होती है. भारी वाहनों के दबाव के कारण टंकियों के ढक्कन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं और वहां गहरी खाई बन गई है.
प्रखंड के कई कार्यालयों तक जाने का यही मुख्य रास्ता
मटिहानी प्रखंड मुख्यालय जाने वाले इस मार्ग से एफसीआई गोदाम, जी राम जी भवन, प्रखंड कार्यालय, अंचल कार्यालय, बाल विकास परियोजना कार्यालय, प्रखंड कृषि कार्यालय, प्रखंड पशु अस्पताल, बुनियाद केंद्र और कौशल विकास भवन सहित कई सरकारी कार्यालयों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी आवागमन करते हैं. इसके अलावा आम लोगों की भी इस मार्ग पर लगातार आवाजाही रहती है. इसके बावजूद लंबे समय से टूटे पड़े टंकी के ढक्कन की मरम्मत नहीं कराई गई है.
Also Read : झोपड़ी में पढ़ाई कर औरंगाबाद के सोनू ने हासिल की रेलवे में नौकरी, बने असिस्टेंट लोको पायलट
बीडीओ ने एफसीआई गोदाम प्रभारी से की थी बात
बताया गया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी सदय कुमार ने एफसीआई गोदाम के प्रभारी से बात कर शौचालय की टंकी के टूटे ढक्कन की मरम्मत कराने को कहा था. हालांकि, कई महीने बीत जाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो सका है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित विभाग के अधिकारियों ने इस गंभीर समस्या को नजरअंदाज कर दिया है.
कभी भी खाई में गिर सकती है गाड़ी
टंकी के खुले हिस्से के कारण खासकर रात के समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कोई वाहन अनजाने में खाई में गिर गया तो बड़ा हादसा हो सकता है. लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से जल्द से जल्द टंकी के टूटे ढक्कन की मरम्मत कराने और खाई को सुरक्षित तरीके से ढकने की मांग की है.
Also Read : औरंगाबाद में आठ सूत्री मांगों को लेकर 24 अगस्त को पटना कूच करेंगे राशन डीलर, गर्दनीबाग में देंगे धरना
