High Court Judge Inspection: पटना उच्च न्यायालय के निरीक्षी न्यायाधीश शनिवार को व्यवहार न्यायालय मंझौल का निरीक्षण करने पहुंचेंगे. न्यायाधीश के आगमन को लेकर न्यायालय परिसर में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. पूरे परिसर में साफ-सफाई, रंग-रोगन और साज-सज्जा का काम तेजी से कराया जा रहा है. निरीक्षण को लेकर न्यायालय प्रशासन के साथ अधिवक्ता संघ भी तैयारियों में जुटा है.
हाईकोर्ट जज न्यायालय की व्यवस्थाओं का करेंगे निरीक्षण
जानकारी के अनुसार, हाईकोर्ट के निरीक्षी न्यायाधीश शनिवार को मंझौल व्यवहार न्यायालय पहुंचेंगे. इस दौरान वे न्यायालय की कार्यप्रणाली, लंबित मामलों की स्थिति, आधारभूत संरचना, अभिलेखागार, हवालात, अधिवक्ता कक्ष सहित परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे. निरीक्षण के दौरान न्यायालय की कार्यप्रणाली और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया जाएगा.
दो दिनों से चल रहा साफ-सफाई अभियान
निरीक्षण की सूचना मिलने के बाद जिला एवं सत्र न्यायाधीश के निर्देश पर मंझौल न्यायालय प्रशासन सक्रिय हो गया है. पिछले दो दिनों से पूरे कोर्ट परिसर में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जा रहा है. परिसर में जमा घास-फूस और अनावश्यक सामग्री को हटाया जा रहा है. वहीं, विभिन्न स्थानों पर रंग-रोगन का काम भी कराया जा रहा है.
अभिलेखों को किया जा रहा व्यवस्थित
न्यायालय के अभिलेखागार सहित अन्य स्थानों पर रखे अभिलेखों को व्यवस्थित करने का काम भी चल रहा है. परिसर की साफ-सफाई के साथ कार्यालयों और अन्य जरूरी स्थानों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है, ताकि निरीक्षण के दौरान न्यायालय की व्यवस्था बेहतर ढंग से प्रस्तुत की जा सके.
स्वागत की तैयारी में जुटा अधिवक्ता संघ
हाईकोर्ट के निरीक्षी न्यायाधीश के आगमन को लेकर अधिवक्ता संघ भी तैयारियों में जुटा है. अधिवक्ताओं में निरीक्षण को लेकर उत्साह है. न्यायालय परिसर में चल रही तैयारियों को लेकर अधिवक्ता और न्यायालय कर्मी भी अपने-अपने स्तर से व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में लगे हुए हैं.
