Begusarai News : नगर थाना क्षेत्र के गाछी टोला में बीच सड़क पर खुलेआम ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है. वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए नगर थाना पुलिस ने कुख्यात अपराधी गछिया पासवान को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल और दो गोलियां भी बरामद की हैं.
दोनों हाथों में पिस्टल लेकर की हवाई फायरिंग
वायरल वीडियो में गाछी टोला निवासी गछिया पासवान बीच सड़क पर बेखौफ खड़ा नजर आ रहा है. आसपास ई-रिक्शा, राहगीर और स्थानीय लोग मौजूद हैं. इसी दौरान वह दोनों हाथों में पिस्टल लेकर उन्हें आसमान की ओर तानता है और एक के बाद एक पांच राउंड हवाई फायरिंग करता दिखाई दे रहा है. फायरिंग के दौरान उसके साथ दो अन्य युवक भी मौजूद थे.
फायरिंग से इलाके में मचा दहशत का माहौल
वीडियो में दो युवक गछिया पासवान का मनोबल बढ़ाते और उसकी हौसला अफजाई करते नजर आ रहे हैं, जबकि कुछ लोग उसे फायरिंग करने से रोकने का प्रयास करते दिख रहे हैं. सरेराह हुई फायरिंग से इलाके में दहशत का माहौल बन गया था. इसी दौरान कुछ लोगों ने फायरिंग का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया.
पुलिस ने निशानदेही पर बरामद किया पिस्टल और गोलियां
सदर-वन डीएसपी आनंद कुमार पांडेय ने बताया कि पावर हाउस चौक के पास सरेआम फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. वीडियो में गाछी टोला निवासी कुख्यात अपराधी गछिया पासवान खुलेआम हवाई फायरिंग करता दिख रहा था. मामले की जानकारी मिलते ही नगर थानाध्यक्ष ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया.
दो अन्य सहयोगियों की पहचान में जुटी पुलिस
डीएसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान गछिया पासवान की निशानदेही पर फायरिंग में इस्तेमाल पिस्टल और दो गोलियां बरामद की गयी हैं. वीडियो फुटेज में दिखाई दे रहे दो अन्य युवकों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज कर उनकी पहचान की जा रही है. पुलिस मामले की जांच के साथ दोनों अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है.
Also Read : उत्तर कोयल नहर में पानी के बावजूद अंतिम छोर तक नहीं पहुंच रहा सिंचाई का पानी
