बेगूसराय: शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डंडारी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शराब मामले के फरार प्राथमिकी अभियुक्त सहित एक वारंटी को गिरफ्तार किया है. दोनों की गिरफ्तारी कटरमाला गांव से की गई.
थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम गठित कर कटरमाला गांव में छापेमारी अभियान चलाया गया. इस दौरान डंडारी थाना कांड संख्या 97/26 के शराब मामले में फरार चल रहे प्राथमिकी अभियुक्त अमरजीत कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया.
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान डंडारी थाना क्षेत्र के कटरमाला गांव निवासी जर्नादन प्रसाद सिंह के पुत्र अमरजीत कुमार सिंह के रूप में हुई है.
वहीं पुलिस ने पूर्व के एक मामले में फरार चल रहे वारंटी राजू रंजन सिंह को भी गिरफ्तार किया है. उसकी पहचान कटरमाला गांव निवासी मनोरंजन सिंह के पुत्र के रूप में हुई है.
थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस की इस कार्रवाई से शराब कारोबारियों और फरार आरोपितों में हड़कंप मचा हुआ है.
इसे भी पढ़ें: बंटी यादव मर्डर केस: पीड़ित परिवार से मिले खेसारी लाल यादव, बोले- पुलिस असली तस्करों को नहीं पकड़ पाती
